220+ बनाते ही SRH का 'रक्षक मॉड' करता है काम तमाम, IPL इतिहास में एक बार भी ऐसा नहीं हुआ
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) को हाई स्कोरिंग मैच में शिकस्त दी। हैदराबाद टीम का 220+ टारगेट डिफेंड करते हुए हैरतअंगेज रिकॉर्ड रहा है।

पैट कमिंस के नेतृत्व वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 49वें मैच में पंजाब किंग्स को 33 रनों से मात दी। एसआरएच ने होम ग्राउंड पर 235/4 का स्कोर डिफेंड किया। विशाल टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब टीम सात विकेट गंवाकर 202 रन ही जोड़ सकी। कूपर कोनोली (नाबाद 107) की सेंचुरी पर पानी फिर गया। हैदराबाद टीम का 220 प्लस टारगेट डिफेंड करते हुए हैरतअंगेज रिकॉर्ड रहा है। ऐसे में एसआरएच के 'रक्षक मॉड' ने विरोधी टीम का शत प्रतिशत काम तमाम किया है। एसआरएच को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) इतिहास में 11 बार 220+ स्कोर डिफेंड करना पड़ा है और उसे कभी हार नहीं मिली। हैदराबाद ने सभी 11 मैचों में जीत दर्ज की।
कमिंस इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर
वहीं, कमिंस 200 प्लस टारगेट डिफेंड करते हुए शत प्रतिशत मैच जीतने वाले कप्तानों की लिस्ट में संयुक्त रुप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने 8 बार ऐसा किया। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज कमिंस के हमवतन डेविड वॉर्नर ने भी बतौर कप्तान आठ मैचों में यह कमाल किया। वॉर्नर अब आईपीएल में नहीं खेलते। लिस्ट में टॉप पर मुंबई इंडियंस (एमआई) का हिस्सा रोहित शर्मा हैं। रोहित की अगुवाई में टीम को 10 बार 200 प्लस स्कोर डिफेंड करना पड़ा और सभी में जीत नसीब हुई। वह अब कप्तानी नहीं करते। एमआई की कमान हार्दिक पांड्या के पास है।
एसआरच अंक तालिका में टॉप पर
मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स को कैच टपकाने का खामियाजा भुगतना पड़ा और एसआरएच ने जीत दर्ज करते ही अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। उसके खाते में 11 मैचों में 14 अंक हैं। सपाट विकेट पर कप्तान कमिंस ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिए जबकि एशान मलिंगा ने चार ओवर में 34 रन देकर एक विकेट चटकाया। दोनों ने 21 डॉट गेंदें फेंकी। कमिंस प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही और चार रन के स्कोर पर उसके दो बल्लेबाज पवेलियन में थे। प्रियांश आर्य को कमिंस ने रवाना किया जबकि प्रभसिमरन सिंह ने नीतिश रेड्डी की गेंद पर कमिंस को कैच थमाया । कप्तान श्रेयस अय्यर भी पांच रन बनाकर आउट हो गए।
पावरप्ले में तय हो गया मैच का नतीजा
मैच का नतीजा दो पावरप्ले में ही तय हो गया। सनराइजर्स के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने पावरप्ले में एक विकेट पर 79 रन बनाए थे जबकि पंजाब तीन विकेट पर 57 रन ही बना सका। अभिषेक ( 13 गेंद में 35 रन) और हेड (19 गेंद में 38 रन ) ने अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन की गेंदों की धुनाई करते हुए अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद हेनरिक क्लासेन (43 गेंद में 69 रन) और ईशान किशन (32 गेंद में 55 रन ) ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए अर्धशतक लगाए। नीतिश रेड्डी ने 13 गेंद में नाबाद 29 रन का योगदान दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन