यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने जब से की ओपनिंग, तब से चमक गई RR की किस्मत, आंकड़े देखिए
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने अब तक आरआर के लिए 9 बार साथ में सलामी बल्लेबाजी की है और सिर्फ दो बार फेल हुए हैं। बाकी के सभी 7 मुकाबले में हर मैच में बेहतर शुरुआत दी है और हर बार 30 से अधिक की साझेदारी की है

शनिवार को राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। उनकी इस दमदार पार्टनरशिप ने ही टीम को बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ने में मदद की और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए और गुजरात टाइटंस को 204 रन पर ही रोक दिया। इसके साथ राजस्थान इस मुकाबले में 6 रनों से जीत हासिल करके पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के पिछले सीजन से राजस्थान रॉयल्स के लिए साथ में ओपनिंग बल्लेबाजी करनी शुरू की थी। उन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में 85 रन की अर्धशतकीय साझेदारी जोड़ी थी। इसके बाद इस जोड़ी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा है और राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी यूनिट की मजबूत कड़ी बनकर उभरे हैं। इन दोनों बल्लेबाजों ने अब तक आरआर के लिए 9 बार साथ में सलामी बल्लेबाजी की है और सिर्फ दो बार फेल हुए हैं। बाकी के सभी 7 मुकाबलों में हर मैच में बेहतर शुरुआत दी है और 30 से अधिक की साझेदारी की है।
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की RR के लिए साझेदारी
पहला मैच- 85 रन
दूसरा मैच- 52 रन
तीसरा मैच- 166 रन (यह साल 2025 का वही मैच था जिसमें जीटी के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने शतकीय पारी खेली थी)
चौथा मैच- 1 रन
पांचवां मैच- 5 रन
छठवां मैच- 76 रन
7वां मैच- 37 रन
(ये सभी मुकाबले आईपीएल 2025 के हैं, जिनमें इन बल्लेबाजों ने साझेदारी की है। आईपीएल 2026 में इनका जलवा साफ देखने को मिला है। अब तक आईपीएल के इस सीजन में दो मैच खेले हैं और दोनों में अर्धशतकीय साझेदारी की है।)
8वां मैच- 75 रन (2026 के सीजन का पहला मुकाबला)
9वां मैच- 70 रन (कल का मैच)
इस तरह आंकड़ों को देखें तो वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स की बैटिंग को बहुत मजबूती प्रदान की है। दोनों ही बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत देकर टीम की जीत को सुनिश्चित करने में मदद की है। और इन दोनों बल्लेबाजों की खास बात यह है कि ये दोनों छोर से लगातार रन बनाते हैं। हालांकि, जायसवाल का साल 2026 के पहले मैच में डिफेंसिव अवतार देखने को मिला था, लेकिन अगले मुकाबले में उन्होंने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली थी।
आईपीएल 2026 के दोनों मैचों में दमदार प्रदर्शन के बाद भी ऑरेंज कैप इन दोनों बल्लेबाजों के पास नहीं बल्कि समीर रिजवी के पास है। दिल्ली कैपिटल्स के इस बल्लेबाज ने दो मैचों में 160 रन बना दिए हैं। उन्होंने अपने पहले मुकाबले में 70 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में 90 रनों की दमदार पारी खेली थी। पर्पल कैप रवि बिश्नोई के पास है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन