गुजरात के भागदौड़ वाले शेड्यूल पर भड़के सुनील गावस्कर, कहा- फाइनल को रिजर्व डे पर होना चाहिए था
सुनील गावस्कर का मानना है कि बेंगलुरु और गुजरात के बीच हो रहा फाइनल रिजर्व डे (सोमवार) को होना चाहिए था। क्योंकि गुजरात टाइटंस की टीम को फ्लाइट लेट होने के कारण तैयारी का मौका नहीं मिला।

भारत के दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कहा है कि आईपीएल 2026 फाइनल को रिजर्व डे पर शिफ्ट कर देना चाहिए था। क्योंकि गुजरात टाइंटस की टीम फ्लाइट में देरी होने की वजह से अहमदाबाद शनिवार की रात में पहुंची थी, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम पिछले तीन दिन से यहां डेरा जमाए हुए है। गुजरात टाइटंस की शनिवार की दोपहर की फ्लाइट खराब मौसम की वजह से उड़ान नहीं भर सकी थी और इस वजह से गुजरात की टीम देर रात में अहमदाबाद पहुंची। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
गुजरात टाइटंस की टीम की फ्लाइट हुई कैंसिल
गुजरात टाइटंस की टीम को शनिवार की दोपहर को अहमदाबाद के लिए रवाना होना था। लेकिन खराब मौसम के कारण टीम तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी। गुजरात टाइटंस की टीम रात 10 बजकर 45 मिनट पर अहमदाबाद में पहुंची और उसके बाद आधी रात को टीम होटल पहुंची। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम मंगलवार को पहला क्वालीफायर जीतने के बाद अहमदाबाद पहुंच गई थी। इस वजह से डिफेंडिंग चैंपियन को ज्यादा आराम करने का मौका मिला। वहीं गुजरात टाइटंस की टीम ने शुक्रवार को दूसरे क्वालीफायर में हाईस्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान के खिलाफ मैच खेला और जीत हासिल की। इंडिया टूडे से बातचीत में गावस्कर ने कहा कि फाइनल से पहले यात्रा करने के कारण गुजरात की तैयारियों पर असर पड़ा।
सुनील गावस्कर ने कहा, ''हां, बिल्कुल। इसमें कोई शक नहीं है कि खिलाड़ियों को आराम की जरूरत होती है। आपको यह भी नहीं पता था कि आपकी फ्लाइट कब उड़ान भरेगी, इसलिए एक घबराहट और चिंता का माहौल था। इसका मतलब है कि शारीरिक थकान के अलावा मानसिक रूप से भी आप ऑफ हो जाते हैं। इसलिए, मुझे लगा कि रिजर्व डे मौजूद है और जो कुछ भी हुआ वह अचानक हुआ है, ऐसे में मुझे लगता है कि उन्हें फाइनल को कल (सोमवार) के लिए रिशेड्यूल करना चाहिए था। ताकि गुजरात टाइटंस की टीम के साथ थोड़ा न्याय हो सके।''
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। विकेट काफी अच्छी लग रही है। मुझे नहीं लगता है कि इसमें ज्यादा बदलाव होगा। हमें इस मैच को जीतने के लिए अपना बेस्ट देना होगा। हम कोशिश करेंगे कि उन्हें कम स्कोर पर रोकें और फिर चेज़ को पूरा करें। वर्तमान में रहना काफी जरूरी है। जो चीजें काबू में की जा सकती हैं, उस पर ध्यान देना है। इस स्टेडियम में खेलना हमेशा ही शानदार होता है। हमें काफी ज्यादा सपोर्ट मिलता है। हमारी टीम में कोई बदलाव नहीं है।
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि अगर हम टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी ही करते। हम यहां पर तीसरा मैच खेल रहे हैं। पहले तीन ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ा मूवमेंट मिल सकता है। यह दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में से एक है। हमारी टीम में एक बदलाव हुआ है। साई किशोर की जगह अरशद ख़ान आए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन