पंजाब किंग्स ने IPL के इतिहास में किया सबसे बड़ा रन चेज, दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से रौंदा
शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पंजाब किंग्स ने 265 रनों के लक्ष्य को हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। यह टीम आईपीएल के इतिहास में सबसे बड़ा टारगेट चेज करने वाली टीम बन गई है। पूरे मैच में क्या-क्या हुआ पढ़िए इस रिपोर्ट में।
आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेटों से हरा दिया है। शनिवार दोपहर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू हुए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यह मैच बेहद हाईस्कोरिंग हुआ और पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड रन चेज किया। दिल्ली कैपिटल्स द्वारा सेट किए गए 265 रनों के लक्ष्य को पंजाब किंग्स ने चार विकेट के नुकसान पर 7 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया।
केएल राहुल का ऐतिहासिक शतक गया बेकार
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 28 रन के स्कोर पर पथुम निसांका पवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स की ओर से धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल और नीतिश राणा ने रिकॉर्ड 220 रनों की साझेदारी की। लोकेश राहुल ने 67 गेंदों में 152 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 16 चौके और 9 छक्के शामिल थे। इसके साथ वे आईपीएल में 150 से अधिक की पारी खेलने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। नीतिश राणा ने भी उनका बखूबी साख दिया और 44 गेंदों में 11 चौके और चार छक्कों की मदद से कुल 91 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों की धमाकेदार बल्लेबाजी से टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर रिकॉर्ड 264 रन बनाए और अब तक अनबीटेन रही पंजाब किंग्स के सामने 265 रनों का लक्ष्य रखा।
पंजाब किंग्स के गेंदबाजों का हुआ बुरा हाल
पंजाब किंग्स की और से सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए। अर्शदीप सिंह (4 ओवर, 49 रन और 1 विकेट) और जेवियर बाटलेट (4 ओवर 69 रन 1 विकेट) ने 1-1 विकेट चटकाए, इसके अलावा ना तो किसी गेंदबाज को विकेट मिले और ना ही वे रन रोकने में भी सफल रहे। यूजी चहल ने चार ओवर में 42 रन, जबकि मार्को यान्सेन ने इतने ही ओवर में 45 रन खर्चे। विजयकुमार वैशाक तीन ओवर में 48 रन खर्चे। 1 ओवर डालने आए मार्कस स्टोइनिस को 11 रन पड़े।
प्रभसिमरन-प्रियांश और अय्यर की तिकड़ी ने रचा इतिहास
265 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत धमाकेदार रही। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 41 गेंदों में 26 रनों की साझेदारी की। बाएं हाथ के युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने 17 गेंदों में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए, वहीं प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंदों में 76 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 छक्के 9 चौके जड़े। बैक टू बैक इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद निहाल बढेरा और कप्तान अय्यर ने पारी को संभाला। बढेरा ने 15 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि कूपर कोनॉली ने 10 गेंदों में 17 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर के करुण नायर ने दो कैच छोड़े जिका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और 36 गेंदों में 71 रन बनाकर नॉट आउट रहे। शशांक सिंह ने 10 गेंदों में 19 रन बनाकर अंत में अच्छा फिनिशिंग टच प्रदान किया और पंजाब किंग्स ने इस विशाल लक्ष्य को 18.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। इसके साथ पंजाब किंग्स आईपीएल के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर चेज करने वाली टीम बन गई है। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स मजबूती से पॉइंट्स टेबल पर नंबर 1 पर मौजूद है।
दिल्ली के गेंदबाज भूले लाइन लेंथ
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से आज के मैच में कुलदीप यादव को 2 और अक्षर पटेल को एक विकेट मिले। विप्रज निगम ने भी एक विकेट हासिल किया। हालांकि, तेज गेंदबाजों ने कोई कमाल नहीं दिखाया और सबकी जमकर पिटाई हुई। मुकेश कुमार ने 3 ओवर में ही 55 रन खर्चे, वहीं टी नटराजन ने चार ओवर की गेंदबाजी में 54 रन दिया। आकिब नबी डार ने भी 2 ओवर में 41 रन खर्चे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन