केएल राहुल ने सुरेश रैना और धोनी को पछाड़ा, IPL में सर्वाधिक रन बनाने वाले 5वें बैटर बने
शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में लोकेश राहुल ने महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना को आईपीएल में सर्वाधिक रनों के मामले में पीछे कर दिया है। वे अब इंडियंन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।

पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार को खेले गए मुकाबले में लोकेश राहुल ने इतिहास रच दिया। उन्होंने 67 गेंदों में 16 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 152 रन बनाए, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा आईपीएल में खेली गई सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 141 रनों की पारी के साथ अभिषेक शर्मा के नाम था।
केएल राहुल ने सुरेश रैना और धोनी को पछाड़ा
केएल राहुल ने अपनी इस दमदार पारी के साथ आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। आज के मैच से पहले लोकेश राहुल इस सूची में 7वें नंबर पर थे, लेकिन उन्होंने एक ही पारी में महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना को पीछे करते हुए पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। सबसे पहले लोकेश राहुल ने इस मैच में 13 रन बनाए और इतने रन बनाते ही उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को पीछे कर दिया। इसके बाद लोकेश राहुल ने शतक बनाकर सुरेश रैना को भी पीछे कर दिया। सुरेश रैना को पीछे करने के लिए आज के मैच में केएल राहुल को 101 रनों की दरकार थी और 101वां रन लेते ही उन्होंने यह उपलब्धि हासिल भी कर ली।
आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बैटर
आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो इस सूची में विराट कोहली पहले स्थान पर हैं। उन्होंने अब तक के अपने आईपीएल करियर में कुल 8989 रन बनाए हैं। वे जल्द ही 9000 रनों के आंकड़े को भी पार करने वाले हैं। आईपीएल में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में लिस्ट में दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा का नाम है। उन्होंने अब तक कुल 7183 रन बनाए हैं। शिखर धवन इस सूची में 6769 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैंष डेविड वॉर्नर ने आईपीएल के इतिहास में कुल 6565 रन बनाए हैं और लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। सूची में पांचवें स्थान पर अब सुरेश रैना को पछाड़कर केएल राहुल शामिल हो गए हैं। उन्होंने आईपीएल के इतिहास में अब तक कुल 5579 रन बनाए हैं। सुरेश रैना सूची में 6वें स्थान पर खिसक गए हैं। उन्होंने 5528 रन बनाए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में अब तक कुल 5439 रन बनाए हैं और लिस्ट में 7वें स्थान पर हैं।
आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
1. विराट कोहली- 9989
2. रोहित शर्मा- 7183
3. शिखर धवन- 6769
4. डेविड वॉर्नर-6565
5. केएल राहुल- 5579*
6. सुरेश रैना- 5528
7. महेंद्र सिंह धोनी- 5439
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन