SRH की शर्मनाक हार पर कोच विटोरी ने पढ़ा GT का कसीदा, बोले- हम जानते थे कि उनकी...
सनराइजर्स हैदराबाद की शर्मनाक हार पर हेड कोच डेनियल विटोरी ने गुजरात टाइटंस का कसीदा पढ़ा। उन्होंने कहा कि गुजरात के गेंदबाजों ने हमें चारों खाने चित किया।

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के हेड कोच डेनियल विटोरी ने स्वीकार किया कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 मैच में गुजरात टाइटंस (GT) ने अपने शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन से उनकी टीम को चारों खाने चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। साई सुदर्शन (61) और वॉशिंगटन सुंदर (50) के अर्धशतकों की बदौलत गुजरात ने पांच विकेट पर 168 रन बनाए। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम 14.5 ओवर में 86 रन पर ऑलआउट हो गई। एसआरएच ने 82 रनों से शर्मनाक हार झेली। यह आईपीएल में हैदराबाद की रनों के हिसाब से सबसे बड़ी हार है। गुजरात की तरफ से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने तीन-तीन जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया। जीत के लिए 169 रन के लक्ष्य के पीछा करते हुए एसआरएच ने सात विकेट 60 रन पर गंवा दिए थे।
'हमें वैसी शुरुआत नहीं मिली जैसी हम चाहते थे'
विटोरी ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन वास्तव में शानदार रहा। उन्होंने गेंदबाजी में हम पर दबाव बनाया। उनके बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। हम जानते थे कि हमें उनकी मजबूत गेंदबाजी का सामना करना है। पांच तेज गेंदबाजों के साथ राशिद (खान) का सामना करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।'' उन्होंने कहा, ''हमें वैसी शुरुआत नहीं मिली जैसी हम चाहते थे और उन्होंने इसका फायदा उठाया। उनकी गेंदबाजी शानदार थी।'' विटोरी ने कहा, ''गुजरात की टीम मजबूत है और उनके खेलने की एक अलग शैली है जिसे वे जरूरत पड़ने पर अपना सकते हैं। हमारे लिए मुख्य चुनौती उनके गेंदबाजों का सामना करना था और उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन किया।''
गुजरात टीम को पहले बल्लेबाजी करना रास आया
वहीं, गुजरात के बाएं हाथ के स्पिनर साई किशोर ने पावरप्ले में रबाडा और सिराज के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा की। किशोर ने कहा, ''सिराज और रबाडा अपनी लेंथ पर शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और टेस्ट मैच के काबिल गेंदबाजों का टीम में होने से यही फायदा मिलता है।'' लगातार पांचवीं जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि पहले बल्लेबाजी करना उनकी टीम के लिए फायदेमंद रहा। हैदराबाद ने टॉस जीतकर गुजरात को पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा था। गिल ने मैच के बाद कहा, ''पहले बल्लेबाजी करना हमें रास आया। हमने अच्छी गेंदबाजी भी की जो जरूरी था।'' उन्होंने कहा,''हमने इस पर बात की थी कि अगर 160-170 रन बना लिए तो हमारे गेंदबाजी आक्रमण के सामने उनके लिये आसान नहीं होगा। हमने पावरप्ले में बेहतरीन गेंदबाजी की। हमारे दोनों गेंदबाजों को शाबासी।''
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन