वह कभी भी इंडियन टीम में शामिल हो सकता है, RCB के कप्तान के बारे में किसने कही ये बात?
मुंबई इंडियंस के खिलाफ रजत पाटीदार द्वारा खेली गई पारी और पूरे सीजन में उनके द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन ने पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी को बहुत अधिक प्रभावित किया है। उन्होंने आरसीबी के कप्तान के बारे में कहा है कि वे कभी भी भारतीय सफेद गेंद टीम में शामिल हो सकते हैं।

आईपीएल 2026 के शुरुआती फेज में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस सीजन अब तक चार मैच खेले हैं और कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए हैं। इस दौरान पाटीदार के बल्ले से 18 छक्के निकले हैं। आरसीबी के कप्तान ने इस सीजन के चार मुकाबलों में कमाल की स्ट्राइक रेट के साथ बैटिंग की है। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 12 गेंदों में 31 रनों से आईपीएल 2026 की शुरुआत की। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 19 गेंदों में नाबाद 48 रनों की पारी खेली थी। तीसरे मुकाबले में जब राजस्थान के गेंदबाजों के सामने टीम के बाकी बल्लेबाज एक के बाद एक आउट हो रहे थे तब रजत पाटीदार ने पारी को एक छोर से संभाले रखा और 40 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली थी। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने 20 गेंदो में 53 रन बनाए।
भारतीय टीम में शामिल हो सकते हैं रजत पाटीदार
मुंबई इंडियंस के खिलाफ रजत पाटीदार द्वारा खेली गई पारी और पूरे सीजन में उनके द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन ने पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी को बहुत अधिक प्रभावित किया है। मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच हुए मुकाबले के बाद क्रिकबज के हिंदी यूट्यूब शो में उन्होंने बात करते हुए कहा रजत पाटीदार ऐसी प्रतिभा के धनी हैं कि वे कभी भी भारतीय सफेद गेंद क्रिकेट यानी वनडे और टी-20 टीम में शामिल हो सकते हैं। मनोज तिवारी ने उनके स्पिन को हिट करने की अद्भुत क्षमता की सराहना की है।
वह कभी भी सफेद गेंद के लिए इंडिया खेल सकता है
तिवारी ने रजत पाटीदार के बारे में बात करते हुए कहा कि "वह कभी भी इंडियन टीम में वाइट बॉल क्रिकेट में जा सकते हैं।" उन्होंने रजत पाटीदार की बल्लेबाजी शैली और कौशल की सराहना करते हुए कहा "जिस लेवल का बैटिंग वह कर रहे हैं जिस लेवल का डिस्प्ले देखने को मिल रहा है जो स्ट्रोक मेकिंग देखने को मिल रहा है वह वाकई कमाल का है।" स्पिन गेंदबाजी खेलने की उनकी क्षमता पर मनोज तिवारी ने कहा, "अगर आज के दिन में अब मैं कहूं अगर स्पिनर को सबसे बेस्ट कौन खेल रहा है मैं सूर्य कुमार को मानता था इससे पहले बट यह बल्लेबाज जिस तरह से स्पिनर को चारों तरफ मार रहे हैं खड़े-खड़े मारते हैं छक्का स्टेप आउट करके जब जरूरत पड़ती है तब मार लेते हैं।"
आंखों को सुकून देने वाली है उनकी बल्लेबाजी
उन्होंने यह भी कहा कि पाटीदार की बल्लेबाजी 'प्लीज़िंग टू द आईज' यानी आंखों को सुकून देने वाली है और वे तेज गेंदबाजी को भी बहुत आसानी से खेल रहे है। जब उनकी 32 साल की उम्र का जिक्र हुआ, तो तिवारी ने कहा कि "फॉर्म एज (उम्र) नहीं देखता" और उदाहरण दिया कि सूर्यकुमार यादव का पदार्पण भी 30 की उम्र के बाद ही हुआ था। मनोज तिवारी का मानना है कि रजत पाटीदार न केवल अपनी बल्लेबाजी बल्कि अपनी कप्तानी से भी प्रभावित कर रहे हैं और वे एक आत्मविश्वासी खिलाड़ी के रूप में लीड फ्रॉम द फ्रंट कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन