अजिंक्ये रहाणे ने तोड़ा गौतम गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड, KKR के कप्तान के रूप में MI के खिलाफ खेली सबसे बड़ी पारी
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 67 रनों की दमदार पारी खेलकर अजिंक्ये रहाणे ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने गौतम गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वे केकेआर के कप्तान के रूप मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अंजिक्ये रहाणे ने शानदार पारी खेली है। उनकी दमदार अर्धशतकीय पारी की मदद से केकेआर की टीम मुंबई के खिलाफ 200 से अधिक के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। अंजिक्य रहाणे ने मुंबई के खतरनाक गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 67 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने इस दौरान चार चौके और 6 छक्के लगाए। रहाणे ने इस इनिंग में अपने विस्फोटक अंदाज को दिखाते हुए 167.50 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग की।
इस 67 रनों की पारी के साथ ही रहाणे ने गौतम गंभीर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आज के मैच से पहले गौतम गंभीर मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे बड़ी पारी खेलने वाले केकेआर के कप्तान थे। उन्होंने साल 2016 में एमआई के खिलाफ केकेआर के कप्तान के रूप में 65 रन बनाए थे, जो इस फ्रेंचाइजी के खिलाफ केकेआर के किसी कप्तान द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी थी। रहाणे ने अब इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 67 रनों की बेहतरीन पारी के साथ अंजिक्ये रहाणे गौतम गंभीर को पीछे छोड़ते मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे बड़ी पारी खेलने वाले केकेआर के कप्तान बन गए हैं। उन्होंने गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।
अजिंक्ये रहाणे की आज की दमदार विस्फोटक बल्लेबाजी की तारीफ इंग्लैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर केविन पीटरसन ने भी की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए लिखा है कि मुझे हमेशा से ही "अजिंक्ये रहाणे को बल्लेबाजी करते देखना पसंद आया है।" पीटरसन ने यह पोस्ट उनकी पारी पर फिदा होते हुए लिखी है। आज के मैच में रहाणे ने ना सिर्फ स्कोरबोर्ड को चलाया बल्कि तेज गति से रन भी बनाए।
आईपीएल 2026 के अपने पहले मैच में केकेआर टीम संतुलन और चोटों को लेकर सवालों के घेरे में थी, लेकिन उनके कप्तान ने पहले ही ओवर में ट्रेंट बोल्ट पर हमला बोलकर और फिर चौथे ओवर में हार्दिक पांड्या पर 26 रन बनाकर दबाव बनाकर इन सवालों का जवाब दे दिया। पावरप्ले खत्म होने तक केकेआर ने 78/1 का स्कोर बना लिया जो आईपीएल इतिहास में मुंबई के खिलाफ पावरप्ले में उनका सबसे बड़ा स्कोर है। इस खास उपलब्धि में रहाणे की अहम भूमिका रही।
यह पारी सिर्फ देखने में ही सुंदर नहीं थी, बल्कि इससे कहीं अधिक मायने रखती थी। जसप्रीत बुमराह और बोल्ट जैसे गेंदबाजों से भरी गेंदबाजी के सामने रहाणे ने लय बनाए रखी और वह भी बिना अपना संतुलन या नियंत्रण खोए। बुमराह जैसे गेंदबाज के होते हुए इस तरह की बल्लेबाजी करने के कारण रहाणे की यह पारी चर्चा का विषय बन गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन