रोहित शर्मा का यही फॉर्म रहा तो कई टीमों की प्लेऑफ की राह हो जाएगी मुश्किल: सुनील गावस्कर
महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा की बैटिंग की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि शर्मा की पारियां अक्सर असरदार होती हैं। उन्होंने कहा कि रोहित के नाम आईपीएल में भले ही 80 से ज्यादा की कम पारियां हों लेकिन 40-50 की कई असरदार पारियां खेली हैं।

आईपीएल 2026 में सोमवार को मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जॉइंट्स को वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में 6 विकेट से शिकस्त दे दी। जीत के लिए 229 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई को पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और रियान रिकेल्टन ने तूफानी शुरुआत दी। हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित ने सबसे ज्यादा 84 रन की मैच विजेता पारी खेली। उनकी इस पारी की महान सुनील गावस्कर ने खूब तारीफ की है। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा की पारियां अक्सर असरदार होती हैं और अगर वह इसी फॉर्म के साथ खेलते रहे तो आईपीएल 2026 में कई टीमों की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को पलीता लग सकता है।
39 वर्ष के रोहित शर्मा ने चोट की वजह से आईपीएल 2026 के कुछ मैच नहीं खेले। एलएसजी के खिलाफ मैच में उन्होंने सिर्फ 44 गेंदों में 84 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 7 छक्के जड़े।
'कप्तानी से हटाए जाने के बाद रोहित ने बैटिंग पर बढ़ाया ध्यान'
महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' में रोहित शर्मा की जबरस्त बैटिंग की दिल खोलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘मैं पिछले एक साल से रोहित शर्मा को बहुत करीब से देख रहा हूं। जब से उन्हें वाइट-बॉल क्रिकेट और आईपीएल में कप्तानी से हटाया गया है, तब से उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर फोकस बढ़ा दिया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में रन बनाए, घरेलू सीरीज़ में भी अच्छा प्रदर्शन किया, और अब आईपीएल में भी वे वैसा ही कर रहे हैं। आईपीएल में वह आम तौर पर हर सीजन में 400 से 500 रन बनाते हैं, लेकिन उनकी पारियां अक्सर बहुत असरदार होती हैं। हो सकता है कि उनके नाम 80 से ज्यादा रनों वाली बहुत ज्यादा पारियां न हों, लेकिन 40 से 50 रनों की उनकी शुरुआती पारियां टीम को शुरू में ही अच्छी रफ्तार दे देती हैं।’
'रोहित शर्मा ऐसे ही खेलते रहे तो कई टीमों को होगी मुश्किल'
सुनील गावस्कर ने आगे कहा, 'उनके खेल में आया बदलाव साफ नजर आता है। अब वह ज्यादा देर तक बल्लेबाज़ी करना चाहते हैं और खेल पर अपना बड़ा असर छोड़ना चाहते हैं। 84 रनों की इस पारी में हमने रोहित शर्मा के सभी जाने-पहचाने शॉट्स देखे। उनका पुल शॉट भी देखने को मिला। छोटी गेंदें सीधे स्टैंड्स में जाकर गिरीं। फुल लेंथ की गेंदों को उन्होंने कवर रिजन की तरफ ड्राइव किया। उन्होंने आसानी से लॉन्ग ऑफ के ऊपर से भी शॉट लगाए। बाएं हाथ के स्पिनर एम सिद्धार्थ के खिलाफ उन्होंने गेंद के टर्न की उल्टी दिशा में खेलते हुए सीधे बल्ले से शॉट लगाए। एलएसजी के ख़िलाफ हमें एक पूरी तरह से एकाग्र रोहित शर्मा देखने को मिले। अगर वह इसी फॉर्म में खेलते रहे तो बचे हुए मैचों में मुंबई इंडियंस कई टीमों की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को तगड़ा झटका दे सकती है।'
मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ की उम्मीदें अभी जिंदा
मैच की बात करें तो लखनऊ सुपर जॉइंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 228 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लखनऊ की तरफ से निकोलस पूरन ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। ओपनर मिचेल मार्श ने 44 रनों की पारी खेली। हिम्मत सिंह की नाबाद 40 रनों की पारी ने लखनऊ को 228 रन तक पहुंचने में मदद की।
मुंबई इंडियंस की तरफ से कॉर्बिन बोश सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 2 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट झटके। गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा को 1-1 विकेट मिले। जसप्रीत बुमराह कोई विकेट हासिल नहीं कर सके और उन्होंने 4 ओवर में 45 रन लुटाए।
रोहित शर्मा की दमदार पारी
229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रियान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 143 रनों की शानदार साझेदारी हुई। रिकेल्टन सिर्फ 32 गेंद में 83 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 6 चौके और 8 छक्के जड़े। रोहित शर्मा 84 रन, तिलक वर्मा 11 और सूर्यकुमार यादव ने 12 रनों को योगदान दिया। मुंबई ने 8 गे्ंद बाकी रहते ही 6 विकेट से मैच जीत लिया। नमन धीर ने नाबाद 23 और विल जैक्स ने नाबाद 10 रन की पारी खेली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन