गुजरात टाइटंस में थे तब कमाल की थी हार्दिक पांड्या की कप्तानी, MI में आकर निराश कर रहे हैं उनके आंकड़े
हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस के लिए कुल 31 मैचों में कप्तानी की थी, जिसमें से उन्होंने टीम को 22 मुकाबले जिताए थे और 9 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, मुंबई इंडियंस के लिए कप्तानी करते हुए उनके आंकड़े काफी निराशाजनक हैं।

हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2026 में पॉइंट्स टेबल पर अभी तक 10वें और आखिरी पायदान पर है। 5 में से धुरंधरों से भरी इस टीम ने केवल एक मैच जीता है और दो अंकों के साथ सबसे नीचे पहुंच गई है। इस सीजन मुंबई इंडियंस ने अपना पहला मुकाबला जीता था, लेकिन उसके बाद टीम को लगातार चार हार नसीब हुई है। टीम अपनी दूसरी जीत के लिए संघर्ष कर रही है। उसका अलगा मुकाबला सोमवार, 20 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के साथ है।
हार्दिक पांड्या की कप्तानी
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर इस खराब प्रदर्शन के लिए लगातार सवालिया निशान उठ रहे हैं। हार्दिक ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी साल 2024 में संभाली थी, इससे पहले वे गुजरात टाइटंस के कप्तान थे। गुजरात की कप्तानी करते हुए हार्दिक के आंकड़े बेहद कमाल के हैं। उन्होंने साल 2022 में जीटी को उसके पहले ही सीजन में चैंपियन बना दिया था और 2023 में भी जीटी के लिए बेहतर कप्तानी की थी। 2024 में हार्दिक पांड्या को रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया, जहां हार्दिक का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और टीम को बेहतर परिणाम नहीं दे पाए हैं।
जीटी और मुंबई दोनों टीमों के कप्तान के रूप में तुलना
हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस के लिए कुल 31 मैचों में कप्तानी की थी, जिसमें से उन्होंने टीम को 22 मुकाबले जिताए थे और 9 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस दौरान उनका जीत प्रतिशत कमाल का था। हार्दिक का बतौर जीटी के कप्तान जीत प्रतिशत 71 रहा, जोकि शानदार कहा जा सकता है। हालांकि, मुंबई इंडियंस के लिए कप्तानी करते हुए हार्दिक यही आंकड़े नहीं दोहरा पाए। हार्दिक ने 2024 से लेकर अब तक मुंबई इंडियंस के लिए कुल 33 मैचों में कप्तानी की है, जिनमें से सिर्फ 14 मुकाबले ही जीत पाए हैं और 19 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पांड्या का जीत प्रतिशत 42.4 है, जो इस शानदार टीम के साथ रहते हुए काफी निराशाजनक कहा जा सकता है।
धुरंधरों से भरी टीम कर रही खराब प्रदर्शन
मुंबई इंडियंस जैसी मजबूत टीम के साथ जिसमें भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, खुद हार्दिक पांड्या, न्यूजीलैंड के मौजूदा टी-20 कप्तान मिचेल सैंटनर और क्विंटन डिकॉक जैसे खिलाड़ियों के होते हुए इस तरह का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक कहा जा सकता है। गुजरात की युवा टीम को हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस से बेहतर हैंडल किया था आंकड़े इसकी गवाही देते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन