GT से मैच जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने किसे बताया हीरो? कहा- वह बड़े मैच का प्लेयर है
गुजरात टाइटंस से मैच जीतने के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने किसे जीत का असली हीरो माना है और बड़े मैच का प्लेयर बताया है जानिए। उन्होंने अपनी रणनीति और चोट के बारे में भी खुलासा किया है।

न्यू चंडीगढ़ में खेले गए आईपीएल के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर अपने सफर की शुरुआत की है। एक वक्त तक आसानी से जीत रही पंजाब किंग्स के लिए गुजरात के गेंदबाजों ने थोड़ी मुश्किलें खड़ी कीं और कुछ वक्त के लिए पीबीकेएस के फैंस की सांसें थम सी गई थीं, लेकिन कूपर कोनोली और जेवियर बार्टलेट ने मैच को फिनिश करके सीजन की पहली जीत पंजाब किंग्स की झोली पर डाल दी। इस जीत से पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर काफी खुश नजर आए। अपने गेंदबाजों की गेंदबाजी से अय्यर काफी प्रभावित दिखे और एक युवा गेंदबाज के बारे में तो यहां तक कह दिया कि वे बड़े मैच के प्लेयर हैं।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में अपनी हाथ की चोट के बारे में अपडेट देते हुए अय्यर ने बताया कि यह अभी अच्छा है। उन्होंने कहा कि "मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि यह ठीक है। पहले जैसा ही है। मैं कुछ अपशकुन नहीं करना चाहता। मैं बस सकारात्मक रहना चाहता हूं और उम्मीद करता हूं कि सब ठीक हो जाएगा।" उन्होंने 44 गेंदों में 72 रन की दमदार पारी खेलने वाले कूपर कोनोली के बारे में बात करते हुए कहा कि "उन्होंने जो कुछ शॉट खेले, उन्हें देखना अविश्वसनीय था। यह अद्भुत था। आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक राशिद की गेंद पर बैक फुट से छक्का लगाना, इतनी सफाई और सटीकता से, यह वाकई लाजवाब था।" बता दें कि कूपर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
छोटे-छोटे अंतराल पर विकेट गिरने के बारे में बात करते हुए अय्यर ने कहा कि "सच कहूं तो मैं अपने हाथ पर ध्यान दे रहा था, बर्फ लगा रहा था और फिर अचानक हमने लगातार दो विकेट खो दिए। आईपीएल में ऐसी चीजें होती रहती हैं और ऐसी परिस्थितियों में आपको शांत और संयमित रहना पड़ता है। इसलिए संदेश बहुत सरल था। बस खेल को अंत तक ले जाओ और कूपर क्रीज पर थे। वह पूरी तरह से सेट थे। और एक खिलाड़ी के रूप में उनमें गजब की समझ है। मैंने उन्हें पहले भी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते देखा है। उसका रवैया बहुत अच्छा है और उम्मीद है कि वह इसी फॉर्म को बरकरार रखेगा।"
श्रेयस अय्यर ने पिच के मिजाज को भांपते हुए बीच मैच के दौरान अपनी रणनीति में परिवर्तन किया था। उन्हें मैच की शुरुआत में ही समझ आ गया था कि यह मैदान बड़े स्कोर के लिए नहीं बना है और इसमें बल्लेबाजों को कम स्कोर पर रोका जा सकता है। अय्यर ने कहा कि "मुझे लगता है कि तीसरे ओवर के बाद हमें एहसास हुआ कि विकेट थोड़ा धीमा है। अर्शदीप तुरंत आया और कहा कि गेंद थोड़ी रुक रही है। इसलिए हमने तय किया कि हम गेंद को जितनी जल्दी हो सके पुराना करने की कोशिश करेंगे और धीमी गेंदबाजी करेंगे और विकेट पर टिके रहेंगे और इससे हमें वाकई मदद मिली।" कप्तान अय्यर और पंजाब किंग्स के गेंदबाजों को इसका फायदा हुआ।
विजय कुमार वैशाक ने धारदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए। उनकी तारीफ करते हुए कप्तान अय्यर ने कहा कि "वह पिछले सीजन के फाइनल में किए गए प्रदर्शन को बरकरार रख रहा है। और वह बड़े मैचों का खिलाड़ी है। मैंने उसका आत्मविश्वास देखा है और उसे बड़े मैच में आकर पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन करते देखना अद्भुत है। तो यह एक बहुत ही सकारात्मक बात है। मुझे लगता है कि हमें टूर्नामेंट में आगे भी इस लय को बनाए रखने की जरूरत है और उम्मीद है कि सब कुछ अच्छा होगा।"
जब अय्यर से पूछा गया कि बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर उतरते समय शॉर्ट लेग देखकर आश्चर्य हुआ? तब उन्होंने जबाव दिया कि "हां, मुझे वास्तव में आश्चर्य हुआ। मैंने शुभमन से कहा कि मैंने ऐसा पहले कभी अनुभव नहीं किया, लेकिन यह अच्छा है। कप्तानों को आक्रामक होते देखना अच्छा है।"
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन