एक बिहारी सब पर भारी; विराट कोहली ने IPL फाइनल के बाद वैभव सूर्यवंशी से और क्या कहा था? देखें वीडियो
IPL 2026 के फाइनल के बाद विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी के बात करने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। दोनों में क्या बात हो रही थी, वो स्पष्ट नहीं थी। अब आरसीबी ने साफ सुनाई देने वाले ऑडियो के साथ वीडियो जारी किया है जिसमें कोहली कहते दिख रहे हैं- एक बिहारी सब पर भारी।

आईपीएल 2026 के फाइनल के ठीक बाद आरसीबी की जीत के हीरो विराट कोहली और इस सीजन के हीरो राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी बातचीत करते दिखे थे। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था लेकिन उसमें आवाज स्पष्ट नहीं हो रही थी। किंग कोहली प्यार से 15 साल के सूर्यवंशी के कंधे पर हाथ भी रखते हुए दिखे थे। उनकी बातों को विध्वंसक बल्लेबाज बहुत गौर से सुन भी रहा था। अब आरसीबी ने पर्दा उठाया है कि आखिर विराट कोहली ने सूर्यवंशी से कहा क्या था। फ्रेंचाइजी ने साफ समझ आ जाने वाली आवाज में वीडियो जारी किया है जिसमें कोहली वैभव सूर्यवंशी से कहते दिख रहे हैं- एक बिहारी, सब पर भारी।
लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीतने के 3 दिन बाद 3 जून को आरसीबी ने अपने ऑफिशल सोशल मीडिया हैंडल से कोहली और सूर्यवंशी की बातचीत की वीडियो जारी किया। उसमें आवाज स्पष्ट है। वीडियो के साथ आरसीबी ने लिखा है, ‘वह व्यक्ति जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को बेखौफ बनाया और वो लड़का जो बेखौफ बैटिंग करता है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए सबसे अच्छी सलाह! और उसकी आग को सही दिशा में ले जाने में विराट कोहली से बेहतर भला कौन मदद कर सकता है।’
वीडियो में वैभव सूर्यवंशी से विराट कोहली ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, ‘यहां से ऊपर जाना है। जो हुआ है वो अच्छी मेहनत और बिलीफ की वजह से हुआ। कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है...एक बिहारी सब पे भारी। खत्म गेम।’
15 साल के वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। 15 मैचों में 776 रनों के साथ उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम किया। ये उपलब्धि हासिल करने वाले वह सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। सूर्यवंशी ने इस सीजन में 237 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्के मारने के 2012 में बने क्रिस गेल के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त किया। वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में 72 छक्के जड़े।
राजस्थान रॉयल्स भले ही क्वालिफायर 2 में हारकर आईपीएल 2026 से बाहर हो गई थी लेकिन वैभव सूर्यवंशी 31 मई को आरसीबी बनाम गुजरात टाइटन्स का फाइनल देखने के लिए अहमदाबाद गए हुए थे। वह आईसीसी के चेयरमैन जय शाह और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों के पास बैठे थे।
वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा 5 अवॉर्ड मिले थे। इनमें ऑरेंज कैप, मोस्ट वेल्यूएबल प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन, सुपर सिक्सेज और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन शामिल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन