David Miller Prasidh Krishna and the story of great uncertainty of cricket ipl 2026 gt vs dc डेविड मिलर, प्रसिद्ध कृष्ण और ‘कभी नाव गाड़ी पर कभी गाड़ी नाव पर’ वाली वो कहानी, यही तो क्रिकेट है!, Ipl Hindi News - Hindustan

डेविड मिलर, प्रसिद्ध कृष्ण और ‘कभी नाव गाड़ी पर कभी गाड़ी नाव पर’ वाली वो कहानी, यही तो क्रिकेट है!

आईपीएल 2026 में बुधवार को गुजरात टाइटंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच में ‘कभी नाव गाड़ी पर कभी गाड़ी नाव पर’ वाली कहावत चरितार्थ हो गई। मिलर प्रसिद्ध कृष्ण की आखिरी 2 गेंदों में एक भी रन नहीं बना पाए और दिल्ली 1 रन से हार गई। यही मिलर थे जब 2022 में प्रसिद्ध के आखिरी ओवर में 3 छक्के जड़कर मैच जीता था।

Thu, 9 April 2026 12:52 PMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
डेविड मिलर, प्रसिद्ध कृष्ण और ‘कभी नाव गाड़ी पर कभी गाड़ी नाव पर’ वाली वो कहानी, यही तो क्रिकेट है!

डेविड मिलर और प्रसिद्ध कृष्ण। एक का अतिआत्मविश्वास टीम की हार की वजह बन गया तो दूसरा अपने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरकर आखिरी ओवर में मैच जिता गया। आईपीएल 2026 में बुधवार को गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को बेहद रोमांचक मुकाबले में 1 रन से हरा दिया। डेविड मिलर दिल्ली कैपिटल्स को लगभग जिता ही चुके थे। प्रसिद्ध कृष्ण के आखिरी ओवर में 2 गेंदों पर जीत के लिए 2 रन जरूरी थे लेकिन पांचवीं गेंद पर मिलर ने जानबूझकर सिंगल नहीं लिया। उन्हें भरोसा था कि अगली गेंद पर वह 2 या उससे ज्यादा रन बना लेंगे। ऐसा नहीं हुआ। इसे लेकर मिलर की आलोचनाएं भी हो रही हैं। लेकिन यही तो क्रिकेट की अनिश्चितता है। 'कभी नाव गाड़ी पर कभी गाड़ी नाव पर' वाली कहावत चरितार्थ हो गई। 4 साल पहले यही डेविड मिलर थे और सामने गेंदबाज भी प्रसिद्ध कृष्ण ही थे। तब लगातार 3 छक्के जड़कर मिलर ने गुजरात टाइटंस को जीत दिलाई थी।

DC vs GT मैच में क्या हुआ

8 अप्रैल 2026 को हुए मैच में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए थे। आखिर तक आते-आते मैच दिल्ली कैपिटल्स के पक्ष में झुक गया था। आखिरी दो ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 36 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में डेविड मिलर और विपराज निगम ने 23 रन कूट डाले। अब 6 गेंदों पर जीत के लिए 13 रन चाहिए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अक्षर पटेल के इस जेस्चर ने जीता दिल, टूटे-बिखरे डेविड मिलर को ऐसे संभाला- VIDEO
IPL 2026 News in Hindi - आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

गुजरात टाइटन्स की तरफ से प्रसिद्ध कृष्ण आखिरी ओवर फेंकने आए। पहली ही गेंद पर विपराज निगम ने चौका जड़ दिया। अब 5 गेंद में 9 रन चाहिए थे। अगली ही गेंद पर प्रसिद्ध कृष्ण ने वापसी की और निगम को चलता कर दिया। अब बल्लेबाजी के लिए आए कुलदीप यादव। उन्होंने पहली ही गेंद पर 1 रन लिया। अब 3 गेंद में 8 रन चाहिए थे। डेविड मिलर ने प्रसिद्ध कृष्ण की चौथी गेंद पर छक्का जड़ दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गिल-कृष्णा की चालाकी रंग लाई, हुआ आखिरी गेंद के दौरान हुई बातचीत का खुलासा

अब 2 गेंदों में 2 रन चाहिए थे। पांचवीं गेंद पर मिलर ने डीप-बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर शॉट खेला। कुलदीप यादव सिंगल के लिए दौड़ चुके थे। आराम से रन हो भी जाता लेकिन मिलर ने उन्हें वापस भेज दिया। उन्हें भरोसा था कि आखिरी गेंद पर वह बाउंड्री जड़ देंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कुलदीप यादव रन आउट हो गए और दिल्ली कैपिटल्स 1 रन से मैच हार गया। अब सवाल उठ रहे हैं कि अगर डेविड मिलर ने पांचवीं गेंद पर सिंगल लिया होता तो दोनों टीमों का स्कोर बराबरी पर हो गया होता। आखिरी गेंद पर तब अगर कुलदीप रन बनाते तो दिल्ली जीत जाती और अगर रन नहीं भी बनाते तो मैच सुपर ओवर में जाता। लेकिन मिलर की एक गलती से दिल्ली कैपिटल्स जीतते-जीतते हार गई।

जब मिलर ने प्रसिद्ध कृष्ण को ही लगातार 3 छक्के जड़ जीता था मैच

डेविड मिलर के सिंगल न लेने को ब्लंडर कहा जा रहा है। लेकिन यही मिलर थे जब आईपीएल 2022 के क्वालीफायर 1 में इन्हीं प्रसिद्ध कृष्ण के आखिरी ओवर में लगातार 3 छक्के जड़कर गुजरात टाइटंस को जीत दिलाई थी। तब मिलर गुजरात टाइटन्स में थे और प्रसिद्ध कृष्ण राजस्थान रॉयल्स में।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मिलर की कोई गलती नहीं; सपोर्ट में उतरे सुनील गावस्कर, बताया 1 रन ना लेने का कारण

उस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए थे। गुजरात टाइटन्स ने बेहद शानदार ढंग से लक्ष्य का पीछा किया। आखिरी ओवर में जीटी को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। तब भी प्रसिद्ध कृष्ण के हाथ में ही आखिरी ओवर की बागडोर थी। फर्क ये था कि इस बार वह गुजरात टाइटन्स के लिए आखिरी ओवर फेंक रहे थे लेकिन तब वह गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आखिरी ओवर फेंक रहे थे। सामने डेविड मिलर थे जो तब जीटी में हुआ करते थे। मिलर ने लगातार 3 छक्के जड़कर 3 गेंद बाकी रहते ही गुजरात टाइटंस को जिता दिया था। वही मिलर दिल्ली कैपिटल्स को नहीं जिता पाए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।