6 सीजन से अपने IPL ओपनिंग मैच में संजू उगल रहे थे आग, CSK में आते ही हुए फुस्स, देखिए आंकड़े
संजू सैमसन बीते 6 सालों से लगातार आईपीएल के अपने पहले मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन करते आ रहे थे, लेकिन सीएसके के साथ जैसे ही जुड़े उनका यह सिलसिला थम गया। 2020 से लेकर साल 2025 तक के लगातार सभी 6 आईपीएल सीजन में संजू ने अपने पहले मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेली थी, लेकिन इस सीजन फ्लॉप रहे।

आईपीएल 2026 के लिए संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा हैं। उन्हें बीते साल हुए ऑक्शन से पहले रवींद्र जडेजा के साथ एक्सचेंज ट्रेड डील के तहत टीम में 18 करोड़ रुपये में शामिल किया गया। सीएसके में आने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि संजू सैमसन धोनी के संन्यास लेने के बाद टीम का मुख्य चेहरा होंगे। इस बीच इस नए स्टार को प्लेइंग 11 में शामिल करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सोमवार को आईपीएल 2026 का अपना पहला मुकाबला खेला, जिसमें संजू का बल्ला खामोश रहा। इस मैच में संजू सिर्फ 7 गेंदों में 6 रन ही बना सके और उन्हें तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने क्वीन बोल्ड कर दिया।
इस तरह सस्ते से आउट होने के साथ ही संजू सैमसन ने आईपीएल सीजन के अपने पहले ही मैच में बड़ी पारी खेलनी की रवायत को फुल स्टॉप लगा दिया है। संजू सैमसन बीते 6 सालों से लगातार आईपीएल के अपने पहले मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन करते आ रहे थे, लेकिन सीएसके के साथ जैसे ही जुड़े उनका यह सिलसिला थम गया। 2020 से लेकर साल 2025 तक के लगातार सभी 6 आईपीएल सीजन में संजू ने अपने पहले मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेली थी और अपने साल का आगाज किया था। लेकिन इस साल का आगाज चेन्नई में जुड़ने के साथ ही उनके लिए निराशाजनक रहा है।
साल 2020 के आईपीएल सीजन के अपने पहले मुकाबले में संजू सैसमन ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए अपनी मौजूदा टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ धुआधार बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 74 रन बनाए थे। उनका 2021 का शुरुआती मैच भी बेहद शानदार रहा था। इस सीजन के पहले मुकाबले में उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 63 गेंदों में 119 रन बनाए थे और अपने वर्चस्व को स्थापित किया था। साल 2022 के शुरुआती मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ संजू ने एक बार फिर अर्धशतकीय पारी के साथ शुरुआत की। उन्होंने 27 गेंदों में 55 रन बनाए थे। 2023 में उन्होंने एक बार फिर एसआरएच के साथ शुरुआत करते हुए 32 गेंदों में 55 रन बनाए थे। संजू ने 2024 के अपने आईपीएल सीजन की शुरुआत भी धमाकेदार अंदाज में की। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 52 गेंदों में 82 रनों की नाबाद पारी खेली थी। संजू ने साल 2025 के आईपीएल सीजन के अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंदों में 66 रन बनाए थे। इस बार 2026 के सीजन में अपने शुरुआती मैच में संजू अपनी पुरानी टीम आरआर के खिलाफ सिर्फ 7 गेंदों में 6 रन ही बना सके।
बीते 6 सालों के संजू सैमसन के पहले आपीएल मैच का प्रदर्शन
74 (32) बनाम सीएसके, 2020
119 (63) बनाम पीबीकेएस, 2021
55 (27) बनाम एसआरएच, 2022
55 (32) बनाम एसआरएच, 2023
82*(52)बनाम एलएसजी, 2024
66 (37) बनाम एसआरएच, 2025
6 (7) बनाम सीएसके, 2026 (सोमवार को खेला गया मैच)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन