CSK ठोक सकती है 300 से अधिक का स्कोर, इरफान पठान ने IPL से पहले की थी ऐसी भविष्यवाणी
सीएसके सहित आईपीएल 2026 में ये दो टीमें 300 से अधिक का स्कोर बना सकती हैं या 300 का आंकड़ा पार कर सकती हैं। पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने आईपीएल शुरू होने से पहले यह भविष्यवाणी की थी जो अब काफी चर्चा में है।

आईपीएल 2026 का आज 13वां मुकाबला खेजा जाएगा। इस सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हुई थी। आईपीएल शुरू होने से पहले ही क्रिकेट पंडितों ने अपनी भविष्यवाणी करनी शुरू कर दी थी। इस दौरान 26 मार्च को पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान से पूछा गया कि आईपीएल की वो कौन सी टीमें हैं जो 300 का स्कोर निर्धारित 20 ओवर में बना सकती हैं। इसके जवाब में इरफान पठान ने तीन टीमों के नाम लिए। वहीं, संजय बांगर ने भी बताया कि उनके अनुसार कौन सी टीमें आईपीएल 2026 में 300 का आंकड़ा छू सकती हैं या पार कर सकती हैं।
इरफान पठान ने इन तीन टीमों को बताया दावेदार
इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स के शो में कहा कि बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 300 का आंकड़ा पार हो सकता है। उन्होंने का कि इस सीजन तीन टीमें ऐसी हैं, जो 300 के आंकड़े को पार कर सकती हैं। इरफान पठान ने कहा “इस सूची में आपको सनराइजर्स हैदराबाद को पहले नंबर पर रखना होगा। ये टीम 300 रनों के स्कोर को बनाने का माद्दा रखती है।” उन्होंने 300 रन बनाने का माद्दा रखने वाली दूसरी जिस टीम का नाम लिया वह आपको हैरान कर सकता है। इरफान पठान ने कहा कि “जिस टीम ने पिछले सीजन सबसे ज्यादा पेड़ लगाए थे वह 300 से अधिक का स्कोर बना सकती है और इस बार वे टॉप-3 में फिनिश करेंगे।” वे चेन्नई सुपर किंग्स की बात कर रहे थे। इरफान पठान ने मुंबई इंडियंस को भी 300 के स्कोर को बनाने का बड़ा दावेदार बताया। पठान ने कहा कि “जिस तरह से टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में एक ही मैच में 500 के करीब रन बने थे उसको देखते हुए मेरी लालच बढ़ गई है। मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस 300 का स्कोर आईपीएल के इस सीजन में बना सकती है।”
300 अभी मुश्किल लेकिन ये टीमें पहुंच सकती हैं करीब
वहीं दूसरे पैनलिस्ट संजय बांगर ने कहा कि “मुझे अभी भी नहीं लगता है कि कोई भी टीम 300 के आंकड़े को ब्रीच कर सकती है, लेकिन अगर मैं नाम लेना चाहूं तो तीन टीमें इसके करीब आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले तो सनराइजर्स हैदराबाद के पास हाई चांसेस हैं कि वे 300 के आंकड़े तक पहुंच जाएं क्योंकि हैदराबाद की पिच बेहद सपाट नजर आती है और वहां गेंद बल्ले पर आसानी से आती है।” उन्होंने केकेआर का भी नाम लिया और कहा कि “इसके विदेशी खिलाड़ी 300 के आंकड़े तक टीम को पहुंचा सकते हैं।” संजय बांगर ने कहा कि तीसरी टीम आरसीबी ऐसा कर सकती है क्योंकि उसके पास ऊपर से नीच तक सभी बल्लेबाजों के पास वह काबिलियत है।
बता दें कि आईपीएल 2026 का शुरुआती चरण खेला जा रहा है, जिसमें सीएसके और केकेआर खराब प्रदर्शन कर रही हैं, जबकि हैदराबाद ने भी इस सीजन अब तक कुछ खास कारनामा नहीं दिखाया है। आरसीबी ने जरूर रविवार को खेले गए मुकाबले में कमाल दिखाते हुए 250 रन बनाए थे, लेकिन यह 300 के आंकड़े से बेहद कम है। फिलहाल पॉइंट्स टेबल पर पंजाब किंग्स टॉप पर है। ऑरेंज कैप समीर रिजवी के पास है, जबकि पर्पल कैप में रवि बिश्नोई का कब्जा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन