अंगकृष रघुवंशी के आउट पर मचा बवाल, ऋषभ पंत के कहने पर अंपायर ने बदला अपना फैसला?
अंगकृष रघुवंशी रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। उन्हें थर्ड अंपायर ने फील्ड में बाधा डालने के लिए आउट दिया।

कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी के आउट ने विवाद खड़ा कर दिया। रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान अंगकृष रघुवंशी को फील्ड में बाधा डालने (Obstructing the Field) के लिए आउट दिया गया। हालांकि अंपायर के इस फैसले पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने कड़ा विरोध जताया। रघुवंशी को आउट दिए जाने पर कोलकाता का पूरा डगआउट हैरान रह गया। टीम के कोच अभिषेक नायर मैच के दौरान मैच आधिकारियों से बातचीत करते हुए दिखे और इस दौरान वह नाखुश नजर आ रहे थे।
थर्ड अंपायर ने दिया आउट
कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के 5वें ओवर में अंगकृष रघुवंशी ने मिड-ऑन की तरफ शॉट खेलकर रन के लिए दौड़े, हालांकि नॉन स्ट्राइक पर खड़े कैमरन ग्रीन ने रन लेने में दिलचस्पी नहीं दिखाई और अंगकृष को वापस भेजा। हालांकि इस दौरान वह आधी क्रीज के करीब पहुंच गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने डाइव मारकर क्रीज के अंदर पहुंचे। मिड ऑन पर खड़े मोहम्मद शमी ने डायरेक्ट थ्रो स्टंप की तरफ किया लेकिन गेंद रघुवंशी के पैर में लगकर स्टंप तक नहीं पहुंच सकी। अंगकृष रघुवंशी ने रन लेने के दौरान विकेट पर सीधे दौड़ लगाई लेकिन फिर जब ग्रीन ने उन्हें मना किया तो वह पिच को पार करते हुए दूसरी तरफ जाकर क्रीज में पहुंचने के लिए वापस मुड़े। पंत को बल्लेबाज की ये हरकत पसंद नहीं आई।
ऋषभ पंत ने अंपायर से इसकी शिकायत की और फील्ड में बाधा डालने के लिए अंपायर से चेक करने के लिए कहा। फील्ड अंपायर ने फील्ड में बाधा डालने के लिए थर्ड अंपायर से चेक करवाया, जहां अंपायर ने अंगकृष रघुवंशी को आउट करार दिया। हालांकि रघुवंशी ने फील्ड अंपायर से बातचीत में बताया कि वह वापस मुड़ने के लिए दूसरी साइड पर चले गए थे, उन्होंने ये जानबूझ कर नहीं किया था। लेकिन अंपायर ने उनकी एक बात नहीं मानी और थर्ड अंपायर का फैसला बरकरार रहा।
कोलकाता के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी अंपायर द्वारा आउट दिए जाने से नाखुश दिखे। पवेलियन लौटते समय उन्होंने मैदान से बाहर निकलते हुए अपना हेलमेट फेंक दिया और बाउंड्री लाइन पर अपना बल्ला मारा। कोलकाता की पारी के दौरान रघुवंशी अपनी सीट पर काफी उदास दिखे। हालांकि सोशल मीडिया पर रघुवंशी के आउट के फैसले को अलग-अलग राय है। कईयों ने इस फैसले को सही बताया है, जबकि कुछ ने इसे गलत कहा है। रघुवंशी 8 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। लखनऊ ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। टीम के लिए रिंकू सिंह ने सर्वाधिक रन (83) बनाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन