अभिषेक शर्मा के 'तूफान' में उड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड, IPL में ऐसा करने वाले नंबर-1 प्लेयर
Abhishek Sharma SRH vs PBKS IPL 2026: अभिषेक शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ आतिशी पारी खेली। वह फिफ्टी से चूक गए लेकिन एक धाकड़ लिस्ट में क्रिस गेल को पछाड़कर नंबर-1 बन गए।

सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने बुधवार को आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 13 गेंदों में 35 रनों की पारी खेली। उन्होंने दो चौके लगाए और चार छक्के ठोके। अभिषेक ने 269.23 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। अभिषेक की पारी का अंत लॉकी फर्ग्यूसन ने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर किया। वह दूसरी गेंद पर छक्का मारने के बाद फिर से हवाई फायर के चक्कर में थे लेकिन मिडविकेट की दिशा में श्रेयस अय्यर को कैच थमा दिया। उनके बल्ले से मार्को यान्सन द्वारा डाले गए दूसरे ओवर में 20 रन निकले। वह भले ही अर्धशतक से चूक गए लेकिन एक धाकड़ लिस्ट में नंबर-1 बन गए हैं। 25 वर्षीय बल्लेबाज के 'तूफान' में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल का रिकॉर्ड उड़ गया।
अभिषेक शर्मा ने 14 बार किया ये कारनामा
दरअसल, अभिषेक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बतौर ओपनर 200 प्लस स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 30 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने वाले प्लेयर बन गए हैं। वह अभी तक 14 बार यह कारनामा अंजाम दे चुके हैं। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर गेल ने 13 मर्तबा ऐसा किया। गेल साल 2021 में आखिरी बार आईपीएल में खेले थे। लिस्ट में तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर सुनील नरेन हैं। उन्होंने ओपनिंग करते हुए 12 बार 200 प्लस स्ट्राइक रेट से 30 या उससे ज्यादा रन जुटाए हैं। नरेन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का हिस्सा हैं। उनके बाद डेविड वॉर्नर (11 पारियां) और ट्रैविस हेड (9 पारियां) हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वॉर्नर अब आईपीएल में नहीं खेलते। कंगारू क्रिकेटर हेड एसआरएच में अभिषेक के सलामी जोड़ीदार हैं।
अभिषेक शर्मा ने अर्धशतकीय साझेदारी की
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने वाली हैदराबाद टीम ने पीबीकेएस के सामने 235/4 का विशाल स्कोर बनाया। अभिषेक ने हेड (19 गेंदों में 38) के 54 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। हेड सातवें ओवर में युजवेंद्र चहल का शिकाकर बने। विकेटकीर ईशान किशन ने 32 गेंदों में 55 रन जुटाए, जिसमें दो चौके और चार छक्के हैं। उन्होंने हेनरिक क्लासेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की। ईशान को 15वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। क्लासेन ने 43 गेंदों में 60 रनों की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और चार छक्के जमाए। क्लासेन को विजयकुमार वैशाख ने एसआरएच की पारी की अंतिम गेंद पर आउट किया। नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में दो चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से नाबाद 23 रन बनाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन