वरुण चक्रवर्ती फॉर्म में लौटे, सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर बने; कुलदीप यादव का रिकॉर्ड टूटा
वरुण चक्रवर्ती टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 200 विकेट हासिल करने वाले भारतीय स्पिनर बन गए हैं। उन्होंने कुलदीप यादव का रिकॉर्ड तोड़ा। वरुण चक्रवर्ती ने राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में तीन विकेट चटकाए।

कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी की। वरुण और कार्तिक की कसी हुई गेंदबाजी के चलते ईडन गार्डन्स में राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। इस पारी के दौरान वरुण चक्रवर्ती ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह 200 टी20 विकेट हासिल करने वाले सबसे तेज भारतीय स्पिनर बन गए हैं। वरुण चक्रवर्ती ने वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के साथ ही ये मुकाम हासिल किया। वरुण चक्रवर्ती ने राजस्थान के खिलाफ 4 ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट लिए।
कुलदीप का रिकॉर्ड तोड़ा
वरुण चक्रवर्ती ने रविवार को 155वीं पारी में 200 विकेट लिए। उन्होंने कुलदीप यादव को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 160 पारियों में ऐसा किया था। वरुण चक्रवर्ती सबसे तेज भारतीय स्पिनर होने के साथ सबसे तेज 200 विकेट लेने के मामले में ओवरऑल अर्शदीप के बाद दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं। अर्शदीप सिंह ने 151 पारियों में 200 विकेट हासिल किए हैं और वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। जयदेव उनादकट ने 162 और मोहम्मद शमी ने 165 पारियों में ये कारनामा किया था।
वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की फिरकी के जादू के बाद रिंकू सिंह के जुझारू अर्धशतक से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां विषम परिस्थितियों से उबरते हुए राजस्थान रॉयल्स चार विकेट से हराकर मौजूदा सत्र में जीत का खाता खोला। रॉयल्स के 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स की टीम 14वें ओवर में 85 रन पर छह विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन रिंकू (नाबाद 53 रन, 34 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और अनकूल रॉय (नाबाद 29, 16 गेंद, दो छक्के, एक चौका) के बीच सातवें विकेट की 37 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 19.4 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही।
सात मैच में पहली जीत दर्ज करने के बाद नाइट राइडर्स की टीम तीन अंक के साथ 10 टीम की तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है। लगातार दूसरी हार के बाद रॉयल्स की टीम छह मैच में आठ अंक के तीसरे स्थान पर है। सलामी बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी (46 रन, 28 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और यशस्वी जायसवाल (39 रन, 29 गेंद, चार चौके, दो छक्के) के बीच पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में 81 रन की साझेदारी के बावजूद रॉयल्स की टीम नौ विकेट पर 155 रन ही बना सकी।





साइन इन