सूर्यवंशी ने फिफ्टी से चूकने के बावजूद तोड़ा मैक्सवेल का रिकॉर्ड, IPL में पूरन को भी पछाड़ा
Vaibhav Sooryavanshi RR vs KKR: युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने केकेआर बनाम आरआर मैच में फिफ्टी से चूक गए। हालांकि, उन्होंने ग्लैन मैक्सवेल और निकोलस पूरन का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। वह कोलकाता के ईडन गार्डन्स में महज चार रनों से फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 28 गेंदों में 46 रनों की पारी खेली, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल हैं। उन्हें स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने नौवें ओवर में आउट किया और टी20 क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे किए। हालांकि, 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने फिफ्टी से चूकने के बावजूद आईपीएल में ग्लेन मैक्सवेल और निकोलस पूरन का रिकॉर्ड तोड़ डाला।
सूर्यवंशी 13 आईपीएल पारियों के बाद आगे
दरअसल, सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 13 पारियों के बाद सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अब तक 44 छक्के लगा दिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर मैक्सवेल ने 13 आईपीएल पारियों में 33 छक्के उड़ाए थे। वहीं, सूर्यवंशी का फिलहाल 220 का स्ट्राइक रेट है। यह आईपीएल में 13 पारियों के बाद सबसे शानदार स्ट्राइक रेट है। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज पूरन को पछाड़ा है। पूरन का 13 आईपीएल पारियों में 211 का स्ट्राइक रेट था। वह लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का हिस्सा हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने बनाया 155/9 का स्कोर
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल (29 गेंदों में 39, चार चौके, दो छक्के) ने राजस्थान रॉयल्स को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में 81 रन जोड़े। इस जोड़ी के टूटने के बाद आरआर के बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए जूझना पड़ा। लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और ऑफ स्पिनर सुनील नरेन की फिरकी के जादू से केकेआर ने आरआर 155/9 के स्कोर पर रोक दिया। चक्रवर्ती (14 रन पर तीन विकेट) और नरेन (26 रन पर दो विकेट) की स्टार स्पिन जोड़ी के सामने राजस्थान ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए जिससे टीम अंतिम 10 ओवर में 60 रन ही जुटा सकी। तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी (22 रन पर तीन विकेट) ने निचले मध्य क्रम को ध्वस्त किया।
कप्तान रियान पराग के बल्ले से निकले 12 रन
आरआर के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, जिसके बाद सूर्यवंशी और जायसवाल ने पावरप्ले में 63 रन बटोरकर एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। जायसवाल ने वैभव अरोड़ा पर पारी का पहला चौका जड़ा जबकि सूर्यवंशी ने त्यागी पर दो और अरोड़ा पर तीन चौके मारे। सूर्यवंशी ने नरेन और कैमरन ग्रीन पर छक्का भी जड़ा। जायसवाल ने भी ग्रीन की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। आरआर के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ। पराग (14 गेंदों में 12) भी चक्रवर्ती की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हुए जबकि डोनोवन फरेरा (7) ने नरेन को उनकी गेंद पर वापस कैच थमाया। रवींद्र जडेजा सिर्फ नौ रन बनाने के बाद 19वें ओवर में त्यागी का शिकार बने जबकि इसी ओवर में शिमरोन हेटमायर (15) और रवि बिश्नोई (0) भी पवेलियन लौटे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।





साइन इन