आयुष म्हात्रे का बल्ला 3 बार गेज टेस्ट में हुआ फेल, अंपायर की गलती से CSK बैटर की बढ़ी धड़कनें
आयुष म्हात्रे का बल्ला शुक्रवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान तीन बार गेज टेस्ट में फेल हुआ। हालांकि इसमें आयुष की गलती नहीं थी बल्कि अंपायर गलत तरीके से वह टेस्ट कर रहे थे।

आयुष म्हात्रे के 43 गेंद में 73 रन की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल के मैच में शुक्रवार को पांच विकेट पर 209 रन बनाए। आयुष ने अपनी पारी के दौरान कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ एक बड़ी साझेदारी भी की। हालांकि आयुष के साथ मैदान पर पहुंचने पर कुछ ऐसा हुआ, जिससे उनके साथ-साथ फैंस भी हैरान रह गए। आयुष का बल्ला एक बार नहीं बल्कि तीन बार गेज टेस्ट में फेल हो गया। हालांकि बाद में पता चला कि अंपायर गलत तरीके से गेज का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसके कारण आयुष का बल्ला लगातार टेस्ट में फेल हुआ।
चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और क्रीज पर पहुंचने से पहले अंपायर ने उनके बैट का टेस्ट किया। उनका पहला बैट गेज से पास नहीं हुआ, जिसके बाद दूसरा बैट मंगाया गया। इसके बाद अंपायर ने उनके पहले बल्ले को फिर चेक किया और फिर उन्हें एहसास हुआ कि वह गलत तरीके से गेज का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद टेस्ट होने पर आयुष का बल्ला सही तरीके से गेज के पार गया।
कप्तान श्रेयस अय्यर के शानदार और संतुलित अर्धशतक की मदद से पंजाब किंग्स ने आईपीएल के मैच में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया ।श्रेयस ने 29 गेंद में 50 रन बनाये और निहाल वढेरा के साथ चौथे विकेट के लिये 59 रन की अहम साझेदारी की । पंजाब ने 210 रन का लक्ष्य आठ गेंद बाकी रहते पांच विकेट खोकर हासिल करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की जबकि चेन्नई की यह लगातार दूसरी हार थी ।
पंजाब के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने विशाल लक्ष्य के बावजूद संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरूआत दी । प्रियांश आर्य ने 11 गेंद में 39 , प्रभसिमरन सिंह ने 34 गेंद में 43 और कूपर कोनोली ने 22 गेंद में 36 रन बनाये।
आर्य ने चेन्नई के गेंदबाजों को दबाव में ला दिया । खलील अहमद को उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया जबकि मैट हेनरी को उनके पहले ही ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर 20 रन निकाले। आर्य और प्रभसिमरन ने सिर्फ 4 . 2 ओवर में 61 रन की साझेदारी की । वहीं कप्तान श्रेयस ने धीमी शुरूआत करने के बाद हाथ खोलने शुरू किये। उन्होंने स्पिनरों की जमकर धुनाई की और लेग स्पिनर राहुल चाहर को शानदार छक्का लगाया।
श्रेयस ने अंशुल कम्बोज को चौका लगाकर 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसी गेंदबाज की गेंद पर विकेट गंवा बैठे। अगले ओवर में हेनरी ने वढेरा को पवेलियन भेजा लेकिन तब तक पंजाब की जीत औपचारिकता मात्र बची थी। इससे पहले आयुष म्हात्रे के 43 गेंद में 73 रन की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर पांच विकेट पर 209 रन बनाये ।





साइन इन