छोटी उम्र में ही बड़े धमाके, IPL मे CSK के आयुष म्हात्रे बने ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज
आयुष म्हात्रे ने शुक्रवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में 43 गेंद में 73 रन की पारी खेली। इस दौरान वह 18 साल 261 दिन की उम्र में चेपॉक पर आईपीएल अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।

पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच चेपॉक में आईपीएल 2026 का सातवां मुकाबला हो रहा है। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। चेन्नई की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन एक बार फिर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। हालांकि आयुष म्हात्रे और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला और मजबूत स्थिति में पहुंचाया। आयुष म्हात्रे ने इस दौरान अपना अर्धशतक भी पूरा किया और इसके साथ ही वह 19 साल की उम्र से पहले दो या उससे अधिक अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
वैभव-शॉ के क्लब में पहुंचे
आयुष म्हात्रे ने शुक्रवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में 43 गेंद में 73 रन की दमदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। इस पारी के दौरान आयुष म्हात्रे बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और पृथ्वी शॉ के एक खास क्लब में शामिल हो गए हैं। आईपीएल के इतिहास में 19 साल की उम्र से पहले सबसे ज्यादा बार 50 से अधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम है, उन्होंने तीन बार ये कारनामा किया है, जिसमें एक शतक भी शामिल है। पृथ्वी शॉ ने 19 साल की उम्र से पहले दो बार ये कारनामा किया है, जबकि आयुष म्हात्रे ने आज दूसरी बार 50 से अधिक स्कोर बनाए।
18 साल 261 दिन की उम्र में चेपॉक पर आईपीएल अर्धशतक लगाने वाले आयुष म्हात्रे सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। 19 साल की उम्र से पहले हाईएस्ट व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी वैभव सूर्यवंशी के नाम है, उन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में 101 रन बनाए थे। आयुष ने 2025 में 17 साल 291 दिन में 94 रनों की पारी खेली थी, जबकि आईपीएल 2026 में पंजाब के खिलाफ 18 साल 261 दिन की उम्र में उन्होंने 73 रन बनाए।
चेन्नई टीम में एक बदलाव करते हुए मैट शॉर्ट की जगह प्रशांत वीर को शामिल किया है। पहले मैच में चेन्नई को राजस्थान रॉयल्स ने आठ विकेट से हराया था जबकि पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से मात दी थी ।





साइन इन