आखिरी गेंद पर राजस्थान ने मारी बाजी, कप्तान राशिद के होते गुजरात टाइटंस के हाथ से ऐसे फिसला मैच
जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे के आखिरी ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने रोमांचक मैच में गुजरात टाइटंस को 6 रनों से हराया।

तुषार देशपांडे के सटीक आखिरी ओवर की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के बेहद रोमांचक मुकाबले में शनिवार को गुजरात टाइटंस को छह रन से हरा दिया। रॉयल्स की यह लगातार दूसरी जीत और गुजरात की लगातार दूसरी हार थी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल्स ने ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल के अर्धशतकों के दम पर छह विकेट पर 210 रन बनाये थे लेकिन साइ सुदर्शन की 73 रन की पारी के बावजूद गुजरात की टीम आठ विकेट पर 204 रन ही बना सकी। एक समय सात विकेट 161 रन पर गिर गए थे लेकिन कैगिसो रबाडा (नाबाद 23) और कार्यवाहक कप्तान राशिद खान (24) टीम को जीत के करीब ले गए और आखिरी ओवर में दस रन की ही जरूरत थी। ऐसे में रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने नांद्रे बर्गर की बजाय देशपांडे को गेंद सौंपकर सभी को चौंका दिया।
गेंदबाज तुषार देशपांडे अपने कप्तान के भरोसे पर खरे उतरते हुए पहली वाइड गेंद के अलावा सभी सटीक गेंदें डाली। इस ओवर में चार रन ही बन सके और छक्का लगाने के प्रयास में राशिद सीमारेखा के पास जोफ्रा आर्चर को कैच दे बैठे। इससे पहले आर्चर ने 19वें ओवर में सिर्फ चार रन ही दिये थे ।
मांसपेशी में ऐंठन के कारण इस मैच से बाहर शुभमन गिल की जगह खेलने वाले कुमार कुशाग्र ने 14 गेंद में 18 रन बनाये। उन्होंने सुदर्शन (44 गेंद में 73 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 78 रन जोड़े ।सुदर्शन ने अपनी पारी में तीन छक्के और नौ चौके लगाये। गुजरात का स्कोर सुदर्शन के आउट होने से पहले एक विकेट पर 107 रन था लेकिन अचानक पांच विकेट पर 133 रन और सात विकेट पर 161 रन हो गया। राशिद और रबाडा ने हालांकि वापसी की कोशिश की लेकिन आखिरी ओवर में बाजी पलट गई।
जुरेल-जायसवाल ने लगाया अर्धशतक
इससे पहले जुरेल के 42 गेंद में 75 रन और जायसवाल के अर्धशतक की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट पर 210 रन बनाये। जायसवाल ने 36 गेंद में 55 रन बनाये जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंद में 31 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिये सिर्फ 6 . 2 ओवर में 70 रन बना डाले। जुरेल ने तीसरे नंबर पर उम्दा बल्लेबाजी करते हुए 150 से ऊपर की स्ट्राइक रेट के बावजूद बेहतरीन क्रिकेट शॉट्स खेले । उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और पांच छक्के लगाये ।
गुजरात टाइटंस के लिये अपना दूसरा आईपीएल मैच खेल रहे अशोक शर्मा ने चार ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया । उन्होंने लगातार 145 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी की और 154 . 2 किमी प्रति घंटा की गति से भी गेंद डाली । जुरेल ने राशिद को डीप मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा । सूर्यवंशी और जायसवाल पिछले सत्र से ही आईपीएल में पारी की शुरूआत साथ कर रहे हैं लेकिन आईपीएल के इतिहास में 500 से अधिक रन की साझेदारी करने वाली 113 जोड़ियों में से इन दोनों की रन बनाने की गति 12 . 04 प्रति ओवर है। ये सूची में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा (12.57) और सुनील नारायण और फिल साल्ट ( 12 . 46) से ही पीछे हैं।
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स की टीम पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर पहुंच गई है। वहीं समीर रिजवी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। समीर के पास ऑरेन्ज कैप है। जबकि पर्पल कैप अब रवि बिश्नोई के नाम हो गई है। उन्होंने गुजरात के खिलाफ चार विकेट लिए।
गुजरात के तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज, कागिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक को पिच से अतिरिक्त उछाल और रफ्तार मिली जिससे पावरप्ले में शॉट लगाना आसान हो गया क्योंकि बल्लेबाजों ने उसी गति का इस्तेमाल किया । सूर्यवंशी को राशिद ने आउट किया जिसके बाद जुरेल और जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिये 56 रन जोड़े ।





साइन इन