IND VS NZ फाइनल देखने के लिए भारतीय रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन, जानिए समय और रूट?
फैंस के भारी उत्साह और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट टिकटों की आसमान छूती कीमतों व टिकटों की अनुपलब्धता को देखते हुए भारतीय रेलवे ने क्रिकेट प्रेमियों को स्पेशल ट्रेन की बड़ी सौगात दी है। जानिए इसका समय, रूट और टिकट बुक करने का तरीका।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है, जहां रविवार, 8 मार्च 2026 को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड 'नरेंद्र मोदी स्टेडियम' अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें विश्व विजेता बनने के लिए आमने-सामने होंगी। सेमीफाइनल के कड़े मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर टीम इंडिया ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की है, जबकि न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को बड़े अंतर से शिकस्त देकर खिताबी जंग के लिए अपना टिकट कटाया है। इस ऐतिहासिक मैच का टॉस भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे होगा और मैच की पहली गेंद ठीक 7:00 बजे फेंकी जाएगी। भारतीय फैंस के लिए यह एक बड़ा अवसर है, क्योंकि टीम इंडिया अपनी ही सरजमीं पर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने की कोशिश करेगी, जिसे देखने के लिए लाखों दर्शकों के अहमदाबाद जुटने की उम्मीद है।
फैंस के भारी उत्साह और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट टिकटों की आसमान छूती कीमतों व टिकटों की अनुपलब्धता को देखते हुए भारतीय रेलवे ने क्रिकेट प्रेमियों को स्पेशल ट्रेन की बड़ी सौगात दी है। उत्तर रेलवे ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए जानकारी साझा की है कि यह विशेष ट्रेन आज, 7 मार्च 2026 को रात 11:45 बजे नई दिल्ली से साबरमती के लिए रवाना होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 2nd AC और 3rd AC की आरामदायक सीटें उपलब्ध होंगी।
उत्तरी रेलवे ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल में लिखा, "क्रिकेट प्रेमियों के लिए भारतीय रेल की खास सौगात! बढ़े फ्लाइट टिकट और टिकटों की अनुपलब्धता को देखते हुए रेलवे द्वारा यात्रियों की सहूलियत के लिए नई दिल्ली से साबरमती के लिए आज दिनांक 7 मार्च 2026, रात 11:45 बजे विशेष ट्रेन का ऐलान। 3rd AC और 2nd AC के कोच वाली इस 19 कोच की ट्रेन में अपनी टिकट बुक करें।" बता दें कि यह ट्रेन नई दिल्ली से होते हुए, दिल्ली केंट, गुरुग्राम, जयपुर और फिर साबरमती जाएगी। रात में यह ट्रेन 11:45 में रवाना होगी और कल दोपहर 2:30 बजे पहुंचेगी। यात्री भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से टिकट बुक कर सकते हैं।
इस स्पेशल ट्रेन का विवरण:
गाड़ी संख्या: 04063
रूट (Route): यह ट्रेन नई दिल्ली से साबरमती (अहमदाबाद) के लिए चलाई जाएगी।
समय (Timing): यह ट्रेन आज यानी 7 मार्च 2026 को रात 11:45 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी।
ट्रेन की श्रेणी: इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिनमें 3rd AC और 2nd AC की सुविधा उपलब्ध होगी।
बता दें कि जो प्रशंसक स्टेडियम नहीं जा पाएंगे, वे इस मुकाबले का लाइव प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं और मोबाइल यूजर्स के लिए 'जियो हॉटस्टार' ऐप व वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।





साइन इन