वर्ल्ड कप जीतने के लिए न्यूजीलैंड ने इस धुरंधर को दी एंट्री, जानिए क्या है भारत की प्लेइंग XI?
फाइनल में न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। वहीं भारतीय टीम अपने सेम कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरी है। न्यूजीलैंड ने क्या अहम बदलाव किया है और दोनों टीमों की 11 क्या है, जानिए।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 का ऐतिहासिक फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। टॉस की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और दोनों टीमों की प्लेइंग XI भी सामने आ गई है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीता और पिच की स्थिति को देखते हुए पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
भारतीय टीम इस मैदान पर बिना किसी बदलाव के मैदान पर उतर रही है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय साफ कर दिया कि वे अपनी उसी प्लेइंग XI के साथ मैदान पर उतर रहे हैं, जिसने उन्हें फाइनल तक पहुंचाया है। टीम इंडिया में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। सूर्यकुमार ने कहा कि वे पहले बल्लेबाजी करने से खुश हैं क्योंकि बोर्ड पर रन टांगना हमेशा फायदेमंद रहता है, खासकर फाइनल जैसे बड़े मैच में।
भारत की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी अंतिम एकादश में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। कप्तान मिचेल सेंटनर ने जानकारी दी कि आज के मैच में मैककोन्ची की जगह तेज गेंदबाज जैकब डफी को टीम में शामिल किया गया है। यह फैसला रणनीतिक माना जा रहा है, हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार एक ऑफ-स्पिनर की कमी भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाजों को फायदा पहुंचा सकती है।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI: फिन एलेन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन और जैकब डफी।
बता दें कि अहमदाबाद की पिच आमतौर पर बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलेन और टिम सीफर्ट टीम के कुल रनों का लगभग 48% हिस्सा बनाते हैं, ऐसे में भारतीय गेंदबाजों, विशेषकर जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पर उन्हें जल्दी रोकने की जिम्मेदारी होगी। वहीं, भारतीय टीम के लिए हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे जैसे 'पिंच हिटर्स' मध्यक्रम में अहम भूमिका निभा सकते हैं। अब पूरी दुनिया की नजरें इस महामुकाबले पर टिकी हैं कि क्या भारत एक बार फिर विश्व विजेता बन पाएगा।
बता दें कि फाइनल मुकाबले से पहले चर्चा काफी तेज थी कि भारतीय टीम में चेंज हो सकते हैं। कुलदीप यादव वरुण चक्रवर्ती की जगह टीम में शामिल हो सकते हैं या अभिषेक शर्मा की जगह रिंकू सिंह टीम में एंट्री ले सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और भारत सेम ही टीम के साथ मैदान पर उतरा। वहीं, न्यूजीलैंड ने एक बडा बदलाव किया।





साइन इन