'मैं इसके लिए न्यूजीलैंड से नफरत करता हूं'.., IND VS NZ फाइनल से पहले ऐसा क्यों बोले एबी डिविलियर्स?
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले कहा है कि वे न्यूजीलैंड से नफरत करते हैं। किस चीज के लिए डिविलियर्स ने ऐसा कहा जानिए।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली खिताबी भिड़ंत से पहले दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। अपने यूट्यूब चैनल पर पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन के साथ चर्चा के दौरान डिविलियर्स ने न्यूजीलैंड की टीम के प्रति अपनी 'नफरत'जाहिर की। हालांकि, उनकी यह टिप्पणी द्वेषपूर्ण नहीं बल्कि 2015 के वर्ल्ड कप की एक पुरानी टीस और खेल के प्रति उनके जुनून से जुड़ी थी। डिविलियर्स ने याद किया कि कैसे न्यूजीलैंड ने उनके विश्व विजेता बनने के सपने को तोड़ा था, जिसका मलाल उन्हें आज भी है।
डिविलियर्स ने इस नफरत के पीछे का मुख्य कारण बताते हुए 2015 के वनडे वर्ल्ड कप का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय केवल दक्षिण अफ्रीका ही ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराने का दम रखती थी। डिविलियर्स ने कहा, "मैं इसके लिए न्यूजीलैंड से नफरत करता हूं क्योंकि 2015 के उस फाइनल में वे ऑस्ट्रेलिया को कभी नहीं हराने वाले थे।" उन्होंने आगे विस्तार से बताते हुए कहा, "उस फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराने वाली केवल एक ही टीम थी और वह दक्षिण अफ्रीका थी।" उनके अनुसार, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में उन्हें हराकर फाइनल में जगह तो बनाई, लेकिन खिताबी मुकाबले में वे ऑस्ट्रेलिया के सामने टिक नहीं पाए।
अपनी इस सख्त टिप्पणी के बावजूद डिविलियर्स ने यह भी साफ किया कि यह नफरत वास्तव में कीवी टीम के प्रति उनके गहरे सम्मान से उपजी है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें काफी समान हैं और दोनों ही टीमें 'गट्स एंड ग्लोरी' (साहस और गौरव) के लिए खेलती हैं। डिविलियर्स ने मजाकिया लहजे में तर्क दिया, "जब समान व्यक्तित्व वाले लोग एक साथ आते हैं, तो उनमें टकराव होता है। यह सम्मान ही है कि हम इस तरह बात कर रहे हैं।" उन्होंने यह भी चुटकी ली कि न्यूजीलैंड ने बहुत सारे फाइनल खेले हैं लेकिन वे अभी वर्ल्ड कप जीतने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। उन्होंने मजाक में कहा कि पहले दक्षिण अफ्रीका को जीतने दें, फिर न्यूजीलैंड की बारी आनी चाहिए।
आगामी भारत-न्यूजीलैंड फाइनल पर चर्चा करते हुए डिविलियर्स ने टीम इंडिया को जीत का सबसे बड़ा दावेदार बताया। उनके अनुसार, न्यूजीलैंड के पास जीतने का केवल 10 से 20 प्रतिशत मौका है। उन्होंने कहा कि यदि न्यूजीलैंड को भारत को हराना है, तो उन्हें "ना केवल इस वर्ल्ड कप का, बल्कि अपने जीवन का सबसे बेहतरीन मैच खेलना होगा।" डिविलियर्स ने भविष्यवाणी की कि उनका दिल और दिमाग दोनों भारत की जीत की ओर इशारा कर रहे हैं, क्योंकि भारत इस समय एक बेहद संतुलित और मजबूत टीम नजर आ रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या न्यूजीलैंड डिविलियर्स की इस भविष्यवाणी को गलत साबित कर पहली बार ट्रॉफी उठा पाएगा।





साइन इन