उन्हें ड्रॉप करना सच में...; संजू सैमसन को लेकर सुनील गावस्कर ने सुनाया अपना फैसला!
ईशान किशन की धाकड़ परफॉर्मेंस के बाद एक बार फिर संजू सैमसन पर तलवार लटक गई है। ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्ले से तबाही मचाई, वहीं सैमसन 5 पारियों में 50 रन भी नहीं बना पाए।

संजू सैमसन या ईशान किशन…टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय प्लेइंग XI में किसे मौका मिले? यह सवाल चर्चाओं का विषय बना हुआ है। टी20 वर्ल्ड कप के लिए जब भारतीय स्क्वॉड का ऐलान हुआ तो सैमसन ने राहत की सांस ली होगी, क्योंकि शुभमन गिल को ड्रॉप किया गया था। मगर न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 5 मैचों में फेल होने और ईशान किशन के धांसू कमबैक ने एक बार फिर सैमसन और उनके फैंस की धड़कने बढ़ा दी है। ईशान किशन को तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी में प्लेइंग XI में मौका मिला था और इस बल्लेबाज ने मौके को दोनों हाथों से लपका। अब तिलक फिट होकर वापस आ रहे हैं, ऐसे में संजू सैमसन का प्लेइंग XI से पत्ता कट सकता है और अभिषेक शर्मा को वर्ल्ड कप में ईशान किशन के रूप में नया ओपनिंग पार्टनर मिल सकता है। टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टॉप ऑर्डर को लेकर अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूद एक्सपर्ट सुनील गावस्कर ने अपना फैसला सुना दिया है।
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, "मुझे लगता है कि सिलेक्शन कमेटी काफी साफ थी, उसने संजू सैमसन को सभी मौके दिए। लेकिन अब, ईशान किशन की इस पारी और तिलक वर्मा के वापस आने की संभावना को देखते हुए, बैटिंग ऑर्डर पक्का लग रहा है।"
सैमसन ने सीरीज के सभी पांच मैचों में हिस्सा लिया, लेकिन कुल मिलाकर सिर्फ 46 रन ही बना पाए। सैमसन 2026 T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की टीम का हिस्सा हैं।
गावस्कर ने कहा, “उन्हें ड्रॉप करना सच में बहुत मुश्किल है। और उन्हें किसके लिए ड्रॉप करें? तिलक वर्मा इस लेवल पर एक साबित परफॉर्मर हैं। संजू सैमसन भी एक साबित परफॉर्मर हैं, लेकिन वह फॉर्म में नहीं हैं। इसका उनकी काबिलियत से कोई लेना-देना नहीं है। वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में आप चांस नहीं ले सकते। यही वजह है कि मुझे लगता है कि उन्हें पांच मैच देने के बाद - मुझे लगता है कि उनका सबसे ज्यादा स्कोर 24 है - और वह अजीब तरीके से आउट हुए हैं, उनमें निश्चित रूप से कॉन्फिडेंस की कमी है। मुझे नहीं लगता कि वह (सैमसन) 7 फरवरी को (T20 वर्ल्ड कप में USA के खिलाफ) प्लेइंग XI का हिस्सा होंगे।”





साइन इन