Humans make mistakes I must have made some too what else did Gautam Gambhir say about Rohit Sharma and Virat Kohli इंसानों से गलती होती है, मुझसे भी हुईं होंगी; रोहित-कोहली को लेकर गौतम गंभीर ने और क्या कहा?, Cricket Hindi News - Hindustan

इंसानों से गलती होती है, मुझसे भी हुईं होंगी; रोहित-कोहली को लेकर गौतम गंभीर ने और क्या कहा?

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपने एक ताजा इंटरव्यू में संकेत दिया है कि हो सकता है कि उनसे विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को हैंडल करने में गलती हुई हो। उन्होंने कहा कि इंसान तो गलती करता ही है और हो सकता है कि उनसे गलती हुई होगी लेकिन उनका इरादा हमेशा नेक रहा है।

Tue, 17 March 2026 11:38 AMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
इंसानों से गलती होती है, मुझसे भी हुईं होंगी; रोहित-कोहली को लेकर गौतम गंभीर ने और क्या कहा?

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपने एक ताजा इंटरव्यू में संकेत दिया है कि हो सकता है कि उनसे विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को हैंडल करने में गलती हुई हो। उन्होंने कहा कि इंसान तो गलतियां करता ही है और हो सकता है कि उनसे गलती हुई होगी लेकिन उनका इरादा हमेशा नेक रहा है।

रोहित-कोहली संग रिश्तों में तनाव की लगती रही हैं अटकलें

अक्सर ऐसी रिपोर्ट आती रहती है कि गौतम गंभीर और सीनियर खिलाड़ियों में रिश्ते ठीक नहीं हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा के प्रशंसक तो सोशल मीडिया पर आरोप लगाते आए हैं कि गंभीर दोनों दिग्गजों को टीम में नहीं चाहते। गौतम गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में ही कोहली और रोहित ने पिछले साल टेस्ट को अलविदा कहा था। 2024 में टी20 विश्व कप जीतने के तुरंत बाद दोनों ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लिया था। बाद में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में लचर प्रदर्शन के कुछ महीने बाद पिछले साल आईपीएल सीजन के बीच में दोनों दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। अब दोनों की नजर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप पर है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गंभीर को हंसाने में खिलाड़ियों के छूट गए थे पसीने, सूर्यकुमार ने बताया कब पिघले

गौतम गंभीर का दार्शनिक अंदाज

कोलकाता में रेवस्पोर्ट्ज कॉन्क्लेव में गौतम गंभीर से विराट कोहली और रोहित शर्मा से उनके रिश्ते को लेकर सवाल पूछे गए क्योंकि मीडिया में इसे लेकर तरह-तरह की रिपोर्ट आती रहती हैं। गंभीर ने इसका सीधे-सीधे उत्तर देने के बजाय दार्शनिक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गलतियां तो काम का हिस्सा हैं।

गलतियां हुईं होंगी लेकिन इरादा नेक: गंभीर

गौतम गंभीर ने कहा, ‘मैं इंसान हूं। मुझे भी गलतियां करने की इजाजत मिलनी चाहिए। हर किसी की तरह किसी खिलाड़ी को भी गलतियां करने की छूट मिलनी चाहिए। पिछले 18 महीनों में मैंने बिल्कुल गलतियां की होंगी। मैं उससे नहीं भागता लेकिन मैंने हमेशा से एक चीज में यकीन किया है। सही इरादे से गलत फैसला स्वीकार्य है लेकिन ड्रेसिंग रूम में गलत इरादे से गलत फैसला मंजूर नहीं है।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:टीम सबसे पहले, निजी उपलब्धियां दूसरे नंबर पर; संजू ने बताया टीम की सफलता का राज

'हर बात पर सफाई देने की जरूरत नहीं समझता'

गंभीर ने कहा कि वह अपना काम ईमानदारी से करने और खिलाड़ियों के साथ साफ संवाद बनाए रखने पर फोकस किए हुए हैं। उन्होंने कहा, 'जब तक मैं हर चीज ईमानदारी से कर रहा हूं, जब तक मैं ड्रेसिंग रूम में हर किसी के साथ ईमानदार रह सकता हूं, मैं उनकी आंखों में देखकर बात कर सकता हूं, मैं समझता हूं कि तब तक मैं अपने पद के हिसाब से सही काम कर रहा हूं। मैं इसी को जीता हूं। मुझे सोशल मीडिया पर दिखने वाले हर चीज पर कुछ भी सफाई देने की कोई जरूरत नहीं है।'

गौतम गंभीर और अजीत अगरकर पर एक तबका उठाता है सवाल

विराट कोहली और रोहित शर्मा ने जब पिछले साल टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान किया तब से ही दोनों दिग्गजों के गौतम गंभीर के साथ समीकरणों की अक्सर चर्चा होती रहती है। दोनों दिग्गज अब सिर्फ ओडीआई खेल रहे हैं और उनका स्पष्ट लक्ष्य है 2027 का विश्व कप खेलना और भारत को खिताब दिलाना। क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा अगला वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे? इसे लेकर न तो कभी गौतम गंभीर ने और न ही कभी मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कभी आश्वस्त करने जैसा कुछ जवाब दिया है। उनके जवाबों से तो दोनों दिग्गजों के विश्व कप तक खेलना तो दूर, भारतीय वनडे टीम में जगह पक्की होने पर भी सस्पेंस हो गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:IPL 2026 के उम्रदराज खिलाड़ी, धोनी नंबर-1; टॉप-10 में रोहित के साथ कोहली भी

ये बात अलग है कि जब दोनों ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ओडीआई सीरीज खेली तब से अपने बल्ले से आलोचकों और उन पर संदेह करने वालों की बोलती बंद कर दी है। उसके बाद फिर वे सवाल जैसे दफन ही हो गए कि क्या दोनों दिग्गज 2027 का विश्व कप खेलेंगे।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।