How Pakistan became the Failed Marshal of the t20 World Cup the inside story of its U-turn on boycotting india match टी20 विश्व कप में कैसे 'फेल्ड मार्शल' बना पाकिस्तान, भारत से मैच के बहिष्कार पर यू-टर्न की इनसाइड स्टोरी, Cricket Hindi News - Hindustan

टी20 विश्व कप में कैसे 'फेल्ड मार्शल' बना पाकिस्तान, भारत से मैच के बहिष्कार पर यू-टर्न की इनसाइड स्टोरी

जैसा कि पहले से अंदाजा लगाया जा रहा था कि पाकिस्तान अपनी फितरत के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर यू-टर्न लेगा, हुआ भी बिलकुल वैसा ही। नखरे, सौदेबाजी और ड्रॉमेबाजी के बाद आखिरकार पाकिस्तान सरकार ने सोमवार रात को ऐलान किया कि 15 फरवरी को भारत से मैच होगा।

Tue, 10 Feb 2026 11:38 AMChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
टी20 विश्व कप में कैसे 'फेल्ड मार्शल' बना पाकिस्तान, भारत से मैच के बहिष्कार पर यू-टर्न की इनसाइड स्टोरी

जैसा कि पहले से अंदाजा लगाया जा रहा था कि पाकिस्तान अपनी फितरत के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर यू-टर्न लेगा, हुआ भी बिलकुल वैसा ही। नखरे, सौदेबाजी और ड्रॉमेबाजी के बाद आखिरकार पाकिस्तान सरकार ने सोमवार रात को ऐलान किया कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में सलमान आगा की टीम मैदान में उतरेगी।

पाकिस्तान ने कुछ ऐसा ही ड्रॉमा पिछले साल एशिया कप में किया था और इसी तरह टूर्नामेंट के बहिष्कार पर यू-टर्न लिया था। अब टी20 वर्ल्ड कप पर बंदरघुड़की की पोल खुलने के बाद भी पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी शेखी बघारने से बाज नहीं आ रहे। जिस देश के प्रधानमंत्री की बातों का कोई इकबाल नहीं रहा, वहां के क्रिकेट बोर्ड चीफ अब क्रिकेट के मसले में अपने सेना प्रमुख का नाम लेकर शेखी बघार रहे।

पाकिस्तान गजब है! पीएम की बात का भी कोई मोल नहीं

पाकिस्तान वाकई मजेदार देश है। एक ऐसा देश जहां देश का प्रधानमंत्री कैबिनेट मीटिंग में मुंछ पर ताव देने के अंदाज में ऐलान करता है कि उनके देश की टीम भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगी। उसके बाद सरकार एक्स पर पोस्ट के जरिए इसका खुद ऐलान करती है, ना कि पीसीबी के जरिए इसकी जानकारी देती है। जब प्रधानमंत्री के स्तर से कोई बात कही जाती है तो उसे 'नॉन-निगोशिएबल' ही समझा जाता है बशर्ते कि कोई असाधारण और नाटकीय घटनाक्रम न हो। लेकिन पाकिस्तान तो पाकिस्तान है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पाक की 9 दिन में निकली हेकड़ी, कैसे भारत के साथ खेलने को हुआ राजी?

जब वित्तीय नुकसान और आईसीसी के प्रतिबंधों की तलवार लटकती है तो वहां का बोर्ड सौदेबाजी पर उतर जाता है। आखिरकार सारी हेकड़ी निकल जाती है और बहिष्कार पर यू-टर्न लेता पड़ता है। इन सबके बावजूद पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी आईसीसी की कार्रवाई के डर के सवाल पर कहते हैं- हम इन सब चीजों से नहीं डरते। हर कोई हमारे फील्ड मार्शल को जानता है।

यू-टर्न से ठीक पहले फील्ड मार्शल की शेखी बघार रहे थे नकवी

पाकिस्तान सरकार की तरफ से भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर आधिकारिक तौर पर यू-टर्न वाले ऐलान से थोड़ी देर पहले तक मोहसिन नकवी बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे। रिपोर्ट्स आ रही थीं कि अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है तो आईसीसी उस पर प्रतिबंध लगा सकती है। लेकिन नकवी शेखी बखार रहे होते हैं कि उन्हें इसकी रत्ती भर भी परवाह नहीं है। वह पूरे मसले में फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का नाम भी घसीट लेते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भारत-पाकिस्तान के बीच जल्द शुरू हो टेस्ट सीरीज; अब किसने की ये डिमांड

पत्रकारों के ये पूछने पर कि क्या आईसीसी की तरफ से संभावित प्रतिबंधों की वजह से पीसीबी दबाव में है, नकवी कहते हैं, 'आपको पता होगा कि हम उनमें से नहीं हैं जो इस तरह की धमकियों से तनिक भी डर जाएं। हर कोई हमारे फील्ड मार्शल (आसिम मुनीर) को जानता है। हम प्रतिबंधों को लेकर तनिक भी चिंतित नहीं हैं।'

मजेदार बात ये है कि मोहसिन नकवी के इस शेखी बघारने के कुछ ही देर बाद शहबाज शरीफ सरकार ने ऐलान कर दिया कि पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलेगी। चेहरा बचाने के लिए अब पाकिस्तान इस बात की दुहाई दे रहा है कि उसके कुछ करीबी बोर्ड ने 'गुहार' लगाई थी कि मैच के बहिष्कार का फैसला वापस ले लीजिए।

यू-टर्न की इनसाइड स्टोरी

भारत में सुरक्षा कारणों से वर्ल्ड कप मैच खेलने से बांग्लादेश के इनकार के बाद पिछले महीने आईसीसी ने टूर्नामेंट में उसके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया। बांग्लादेश का वर्ल्ड कप से पत्ता कट गया और स्कॉटलैंड की एंट्री हो गई। इसके बाद पाकिस्तान की पैंतरेबाजी तेज हो गई। पाकिस्तान मीडिया में सूत्रों के हवाले से ये खबरें चलने लगी कि बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान भी टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलेगा। 26 जनवरी को पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ मीटिंग की। मीटिंग के बाद नकवी ने कहा कि वर्ल्ड कप को लेकर कोई भी फैसला सरकार लेगी। वह खुद पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं।

1 फरवरी को शहबाज शरीफ सरकार ने ऐलान किया कि पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में तो खेलेगा लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में हिस्सा नहीं लेगा। बाद में खुद पीएम शरीफ ने कैबिनेट मीटिंग में इस बात को दोहराया और एक्स पर भी पोस्ट किया। इसके बाद शुरू हुई पाकिस्तान की तरफ से सौदेबाजी। आईसीसी ने बांग्लादेश को भी आखिरी वक्त तक मौका दिया था, आखिरी वक्त तक बातचीत से मसला सुलझाने की कोशिश की थी लेकिन वह अड़ा रहा। लिहाजा आईसीसी की तरफ से पाकिस्तान को भी अपने स्टैंड पर पुनर्विचार का मौका दिया ही जाना था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पाकिस्तान के यू-टर्न पर आईसीसी को पहला बयान; अपने कमिटमेंट का सम्मान करें

8 फरवरी को आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा की अगुआई में एक दो सदस्यीय डेलिगेशन गतिरोध दूर करने के लिए लाहौर पहुंचा। वहां बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी पहुंचे। लाहौर में आईसीसी, पीसीबी और बीसीबी के बीच लंबी बातचीत हुई। इस दौरान पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप मैच खेलने के लिए आईसीसी के सामने मांगों का पिटारा ही खोल दिया मसलन रेवेन्यू शेयर बढ़ाइए। भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज की बहाली कराइए। एशिया कप में पिछले साल हुए नो-हैंडशेक जैसा विवाद भविष्य में न हो, इसकी गारंटी दीजिए। आईसीसी ने पाकिस्तान की इन सभी मांगों को सिरे से खारिज कर दिया। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार करते हैं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहिए।

आईसीसी के सख्त रुख के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के हाथ-पांव फूल गए। फिर यू-टर्न की पृष्ठभूमि तैयार की जाने लगी। रात में खबर आई कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पीसीबी से बहिष्कार खत्म करने का अनुरोध किया है। उसके कुछ देर बाद ही पाकिस्तान सरकार ने ऐलान कर दिया कि अब मैच का बहिष्कार नहीं होगा क्योंकि कई दोस्ताना क्रिकेट बोर्ड ने गुजारिश की थी कि बॉयकॉट वापस लीजिए।

Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले GT vs RCB Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।