इंटरनेशनल क्रिकेट के मुकाबले IPL में अंपायरों को कितनी सैलरी मिलती है? जानें
इंडियन प्रीमियर लीग न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि अंपायरों के लिए भी काफी फायदेमंद है। पिछले सीजन में, हर ऑन-फील्ड अंपायर को प्रति मैच 3 लाख रुपये मिले थे, जो कि एक T20I मैच से होने वाली कमाई के दोगुने से भी ज्यादा है।

इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL दुनिया की सबसे महंगी और चर्चित लीग है, इसके 19वें संस्करण का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट में बिकने वाली सबसे महंगे खिलाड़ी और फ्रेंचाइजियों की नेट वर्थ के बारे में तो हर कोई बात करता है, मगर मैदान पर हर समय मौजूद रहने वाले अंपायरों की चर्चा ज्यादा नहीं होती। आईपीएल के दौरान अंपायर कितनी सैलरी लेते हैं, इंटरनेशनल क्रिकेट की तुलना में उन्हें इस लीग के दौरान बीसीसीआई कितना भुग्तान करता है, इसके बारे में बहुत ही कम लोगों को जानकारी होती है। अगर आपको भी अभी तक आईपीएल के दौरान अंपायरों की सैलरी के बारे में नहीं पता तो आप एकदम सही जगह आए हैं। आज हम आपको बताएंगे कि आईपीएल के हर मैच के लिए बीसीसीआई अंपायरों को कितना पैसा देता है।
इंटरनेशनल मैच में अंपायरों की कमाई
ICC के पास अपने एलीट पैनल के अंपायरों के लिए एक स्टैंडर्ड पेमेंट सिस्टम है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंपायरों को आमतौर पर हर मैच के हिसाब से पेमेंट किया जाता है; एक अंपायर को हर टेस्ट मैच के लिए 4 लाख रुपये, हर ODI के लिए 2.5 लाख रुपये और हर T20I के लिए 1.25 लाख रुपये मिलते हैं। एक अंपायर आमतौर पर उस साल मिले असाइनमेंट्स के आधार पर 75 लाख रुपये से लेकर 1.7 करोड़ रुपये तक कमा लेता है। जो इंटरनेशनल अंपायर एलीट पैनल का हिस्सा नहीं होते, जाहिर है उनकी कमाई कम होती है।
BCCI डोमेस्टिक क्रिकेट में अंपायरों पर कितना पैसा लुटाता है?
BCCI के पास अंपायरों के लिए एक अनोखा ढांचा है। दिसंबर 2025 तक, BCCI में 186 अंपायर थे, और उन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है - A+, A, B और C। यह बंटवारा एक सीज़न के दौरान अंपायर के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है, और इसमें प्रमोशन और डिमोशन का सिस्टम भी है। A+ ग्रुप में 10 अंपायर हैं, जिनमें पांच ICC पैनल के और पांच BCCI पैनल के अंपायर शामिल हैं। A ग्रुप में 20 अंपायर हैं, जिनमें तीन पूर्व ICC अंपायर शामिल हैं और फिलहाल पांच अंपायर रिटायरमेंट की कगार पर हैं। ग्रुप B में 58 अंपायर हैं, जबकि ग्रुप C में 99 अंपायर हैं। इसमें 26 नए अंपायर शामिल हैं। फिलहाल, A+ और A ग्रुप के अंपायरों को हर दिन 40,000 रुपये दिए जाते हैं, और B और C ग्रुप के अंपायरों की फीस हर दिन 30,000 रुपये है, जो खबरों के मुताबिक पिछले आठ सालों से वैसी ही बनी हुई है। आखिरी बार वेतन का ढांचा 2018 में बदला गया था। BCCI के घरेलू एलीट अंपायर, उनके द्वारा कराए गए मैचों के आधार पर, हर सीजन में 10 लाख रुपये से 20 लाख रुपये के बीच कमा सकते हैं।
IPL में अंपायरों को मिलता है कितना पैसा?
इंडियन प्रीमियर लीग न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि अंपायरों के लिए भी काफी फायदेमंद है। पिछले सीजन में, हर ऑन-फील्ड अंपायर को प्रति मैच 3 लाख रुपये मिले थे, जो कि एक T20I मैच से होने वाली कमाई के दोगुने से भी ज्यादा है; वहीं, चौथे अंपायर को प्रति मैच 2 लाख रुपये मिले थे। आम तौर पर, एक अंपायर एक सीजन में लगभग 15 मैचों में अंपायरिंग करता है, और क्रिकेट के इस बड़े आयोजन के दो महीनों में लगभग 30 लाख रुपये कमा लेता है।





साइन इन