शिवम दुबे ने एक झटके में तोड़ा रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, युवराज-अभिषेक के क्लब में हुए शामिल
शिवम दुबे ने न्यूजीलैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम टी20 में 23 गेंदों पर 65 रनों की धामाकेदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने एक झटके में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे स्टार खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ा।

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में भले ही टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा हो, मगर हरफनमौला शिवम दुबे अपनी धुआंधार बैटिंग परफॉर्मेंस के दम पर महफिल लूट ले गए। 216 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए जब एक समय आधी टीम 82 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई थी, तब दुबे ने 23 गेंदों पर 3 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 65 रनों की धुआंधार पारी खेली। दुबे ने इस दौरान न्यूजीलैंड के स्पिनर ईश सोढ़ी की जमकर क्लास लगाई, उनके एक ओवर में दुबे ने 29 रन बटौरे। दुबे ने अपनी इस शानदार पारी के दौरान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
IND vs NZ विशाखापट्टनम टी20 में शिवम दुबे का स्ट्राइक रेट 282.60 का रहा, जो कम से कम 50 रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों में तीसरा सबसे बेस्ट था। दुबे ने स्ट्राइक रेट के मामले में रोहित और सूर्या को पछाड़ा है।
एक टी20 पारी में कम से कम 50 रन बनाने वाले भारतीयों के बेस्ट स्ट्राइक रेट पर नजर डालें तो, दुबे अपनी इस पारी के दम पर टॉप-3 में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा के क्लब में अपनी जगह बनाई है।
रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ जब 43 गेंदों पर 118 रनों की धुआंधार पारी खेली थी, तो उनका स्ट्राइक रेट 274.41 का था, वहीं सूर्यकुमार यादव 277.27 के स्ट्राइक रेट के साथ लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। सूर्या ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 गेंदों पर 61 रन बनाए थे।
एक T20I पारी में भारत के लिए सबसे अधिक स्ट्राइक रेट (कम से कम 50 रन)
362.50 - युवराज सिंह (इंग्लैंड के खिलाफ 16 गेंदों पर 58 रन)
340.00 - अभिषेक शर्मा (न्यूजीलैंड के खिलाफ 20 गेंदों पर 68* रन)
282.60 - शिवम दुबे (न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 गेंदों पर 65 रन)*
277.27 - सूर्यकुमार यादव (साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 गेंदों पर 61 रन)
274.41 - रोहित (श्रीलंका के खिलाफ 43 गेंदों पर 118 रन)
युवराज सिंह और अभिषेक शर्मा दो ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने कम से कम 50 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की इस लिस्ट में 300 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। युवी ने यह कारनाम इंग्लैंड के खिलाफ 2007 वर्ल्ड कप के दौरान किया था, जब उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाए थे। वहीं अभीषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी सीरीज में 340 के स्ट्राइक रेट से हैरतअंगेज पारी खेली थी।





साइन इन