हार्दिक पांड्या का चौथी हार से टूटा दिल, कहा- कहने के लिए कुछ नहीं, बैठकर देखना होगा कि कहां खामियां हैं
हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस की लगातार चौथी हार पर कहा है कि उनकी टीम को बैठकर विचार करने की जरूरत है कि हम कहां पिछड़ रहे हैं। उन्होंने माना कि पंजाब की गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण हमारे से बेहतर था।

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने इंडियन प्रीमियर लीग में गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ सात विकेट की हार के बाद विरोधी टीम को जीत का श्रेय देते हुए कहा कि उनके पास अपने खराब प्रदर्शन पर कहने के लिए अधिक कुछ नहीं है और उन्हें बैठकर देखना होगा कि खामियां कहां हैं। पंजाब किंग्स की टीम मुंबई के 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन की 39 गेंद में 11 चौकों और दो छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी और कप्तान श्रेयस अय्यर (66 रन, 35 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) के साथ उनकी तीसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी की बदौलत 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाकर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही।
इससे पहले मौजूदा सत्र में अपना पहला मैच खेल रहे क्विंटन डिकॉक ने 60 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से नाबाद 112 रन की पारी खेलने के अलावा नमन धीर (50 रन, 31 गेंद, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी की जिससे मुंबई इंडियन्स ने छह विकेट पर 195 रन बनाए। ये दोनों उस समय साथ आए जब टीम 12 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।
हार्दिक हार से नाखुश
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने मैच के बाद कहा, ''ईमानदारी से कहूं तो मेरे पास कहने के लिए अधिक कुछ नहीं है। हमें बैठकर विचार करने की जरूरत है कि हम कहां पिछड़ रहे हैं- चाहे वह व्यक्तिगत खिलाड़ी हों, टीम हो, या हमारी योजना और काम करने का तरीका हो और फिर इसे ठीक करना होगा।''
पांड्या ने पंजाब किंग्स को जीत का श्रेय देते हुए कहा, ''पंजाब किंग्स को इसका श्रेय जाता है। गेंद रिवर्स स्विंग करने लगी थी। दूसरी पारी में ओस भी गिरी। उन्होंने हमें हरा दिया। उनकी गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण हमारे से बेहतर था। अब हमें यह देखना होगा कि क्या हमें कुछ कड़े फैसले लेने की जरूरत है या फिर हमें इसी तरह आगे बढ़ते हुए हालात को पलटने की कोशिश करनी चाहिए। हमें अपनी जिम्मेदारी खुद लेनी होगी।''
इस जीत से टूर्नामेंट की एकमात्र अजेय टीम पंजाब किंग्स पांच मैच में नौ अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई। मुंबई की टीम इतने ही मैच में दो अंक के साथ नौवें स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, उनके पास ऑरेन्ज कैप है। वहीं गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने अभी तक सर्वाधिक विकेट चटकाए हैं और पर्पल कैप उनके सिर पर है।





साइन इन