वर्ल्ड कप के 8 मैच में भी अगर तू 0 बनाएगा तो भी फाइनल में पहली गेंद खेलेगा; सूर्यकुमार यादव ने किससे किया था ये वादा?
सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अपने एक खिलाड़ी से वादा किया था कि अगर वह 8 मैचों में लगातार 0 पर आउट होता है तो भी वह फाइनल में पहली गेंद खेलेगा। हर खिलाड़ी को ऐसे सपोर्ट की जरूरत होती है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया है। यह टीम इंडिया की बैक टू बैक दूसरी और कुल तीसरी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी है। सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर की अगुवाई में भारत ने इस टूर्नामेंट में बेखौफ खेल दिखाया। उन्होंने उन खिलाड़ियों को भी बैक किया जो पूरे वर्ल्ड कप नहीं चले, मगर फाइनल में उन्होंने कमाल कर दिया। एक ऐसे ही खिलाड़ी का खुलासा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने किया है। सूर्यकुमार यादव ने बताया कि उन्होंने एक खिलाड़ी को वादा किया था कि अगर वह टी20 वर्ल्ड कप के 9 में से 8 मैचों में भी 0 पर आउट होता है तो भी वह फाइनल में पहली गेंद पर खेलेगा। मतलब यह है कि टीम हारे चाहे जीते, वह खिलाड़ी हर मैच खेलने वाला है। कप्तान से ऐसे ही सपोर्ट की दरकार हर किसी खिलाड़ी को रहती है।
यह खिलाड़ी और कोई नहीं, बल्कि टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा हैं। अभिषेक शर्मा के लिए यह टूर्नामेंट कुछ खास नहीं रहा था। टूर्नामेंट की शुरुआत में पेट संबंधित दिक्कतों की वजह से उन्हें एक मैच मिस भी करना पड़ा था, साथ ही वह पूरे टूर्नामेंट के दौरान लय में नहीं दिख रहे थे।
सुनील गावस्कर जैसे पूर्व क्रिकेटरों ने भी उन्हें फाइनल से ड्रॉप करने की सलाह दे दी थी, गावस्कर का कहना था कि अभिषेक अपनी गलतियों से नहीं सीख रहे हैं और बाब-बार एक ही गलती को दोहरा रहे हैं। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फिर भी उन्हें फाइनल में मौका दिया और अभिषेक ने उनके भरोसे पर खरा उतरते हुए 18 गेंदों पर तूफानी अर्धशतक जड़ा और टीम को धाकड़ शुरुआत दी। यह इस टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज अर्धशतक था।
सूर्यकुमार यादव ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “मैंने उसे कहा, ‘इस वर्ल्ड कप में 9 गेम हैं, भले ही आप उनमें से आठ में फेल हो जाएं, सभी आठ में जीरो स्कोर करें - मैं गारंटी लेता हूं कि आप फाइनल में पहली बॉल का सामना करेंगे।’”
वहीं टूर्नामेंट के दौरान संजू सैमसन के तीन शतकों से चूकने पर भी कप्तान ने अपनी राय रखी। सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की नाबाद पारी खेली, वहीं इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 89-89 रनों की धमाकेदार पारियां खेली।
सूर्या ने कहा, “अगर आप 89 से 100 तक जाने के लिए 10 गेंदें लेते हैं, जबकि आप इसे तीन या चार में कर सकते हैं, तो आप दूसरे बल्लेबाज से छह गेंदें चुरा रहे हैं।”





साइन इन