अर्शदीप को माफी मांगने की जरूरत नहीं थी; डेरिल मिशेल के साथ हुई झड़प पर गौतम गंभीर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल के दौरान अर्शदीप सिंह और डेरिल मिशेल के बीच झड़प हुई। जिस वजह से भारतीय गेंदबाज पर जुर्माना भी लगा। हालांकि मैच के बाद अर्शदीप ने माफी मांग ली थी, मगर हेड कोच का मानना अलग है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर भारत ने इतिहास रच दिया है। यह टीम इंडिया का बैक टू बैक दूसरा और कुल तीसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब है। भारत के लिए यह कैंपेन शानदार रहा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली एकमात्र हार के अलावा भारत ने ताबड़तोड़ प्रदर्शन कर अधिकतर हर मैच में डोमिनेट किया। फाइनल में भी टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा। टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल के दौरान भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिशेल के बीच झड़प भी हो गई थी, जिस वजह से थोड़ी देर के लिए माहौल गर्मा गया था। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जल्द ही मामले को शांत करा दिया था। अर्शदीप सिंह ने मैच के बाद मिशेल से मांफी मांगकर मामले को वहीं खत्म करने की कोशिश भी की। हालांकि भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर का मानना है कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था।
क्या था अर्शदीप सिंह वर्सेस डेरिल मिशेल मामला
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर की है। डेरिल मिशेल ने अर्शदीप सिंह की दूसरी और तीसरी गेंद पर बैक टू बैक दो छक्के लगाए थे। इसके बाद पांचवीं गेंद अर्शदीप ने वाइड यॉर्कर डाली। मिशेल गेंद सीधा अर्शदीप के पास मार बैठे। मिशेल क्रीज के थोड़ा बाहर खड़े थे, जिस वजह से अर्शदीप सिंह ने उन्हें रन आउट करना चाहा। हालांकि गेंद स्टंप की जगह डेरिल मिशेल के जाकर लगी। मिशेल तुरंत गुस्सा हो गए और मामला गर्मा गया। हालांकि अर्शदीप सिंह ने उस दौरान कुछ नहीं बोला। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बीच में आकर मामला संभाला।
अर्शदीप सिंह ने मैच के बाद डेरिल मिशेल से माफी मांगी और उन्हें समझाया कि उन्होंने जानबूझकर उन्हें नहीं मारा।
अर्शदीप सिंह को नहीं मांगनी चाहिए थी माफी
इस मामले पर टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर का मानना है कि अर्शदीप सिंह को डेरिल मिशेल से माफी नहीं मांगनी चाहिए थी। गंभीर ने यह भी कहा कि पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं, लेकिन सोशल मीडिया के जमाने में अब ऐसी घटनाओं पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है।
गंभीर ने ANI के पॉडकास्ट पर कहा, "यह ठीक है। आप अपने देश को रिप्रेजेंट कर रहे हैं। आपमें अग्रेसन दिखाना तो बनता ही है। अगर आप थ्रो बैक करते हैं, तो इसमें गलत क्या है? कोई भी बॉलर दो छक्के खाना पसंद नहीं करता। और मैं अपने प्लेयर्स से इसी तरह का रिस्पॉन्स देखना चाहता हूं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अगर उसने सॉरी नहीं भी कहा होता, तो भी मुझे कोई दिक्कत नहीं थी। उसे सॉरी कहने की जरूरत नहीं है।"
गंभीर ने आगे कहा, "हां, यह अच्छा है कि उसने माफी मांगी, लेकिन क्रिकेट के मैदान पर कोई दोस्त या दुश्मन नहीं होता। आपका काम अपने देश को रिप्रेजेंट करना है, अपने देश के लिए जीतना है। ये चीजें पहले भी होती थीं। लेकिन सोशल मीडिया के जमाने में चीजें बढ़ जाती हैं, जिसकी मुझे लगता है कि कोई जरूरत नहीं है।"





साइन इन