आयुष म्हात्रे ने 'रिटायर्ड आउट' पर तोड़ी चुप्पी, बताया CSK ने क्यों लिया ये फैसला
17.3 ओवर में जब सीएसके का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 175 रन था तब सीएसके ने आयुष म्हात्रे को रिटायर्ड आउट किया। उनके बाद शिवम दुबे बैटिंग करने आए जिन्होंने 10 गेंदों पर 20 रन बनाए।

चेन्नई सुपर किंग्स के आयुष म्हात्रे आईपीएल 2026 में ‘रिटायर्ड आउट’ होने वाले पहले खिलाड़ी बने। वह जब 36 गेंदों पर तीन चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब सीएसके ने यह फैसला लिया और शिवम दुबे को मैदान पर उतारा। मैच के बाद आयुष म्हात्रे ने इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ी है और बताया कि चेन्नई ने क्यों ये फैसला लिया। बता दें, सीएसके ने पहले बैटिंग करते हुए संजू सैमसन के शतक के दम पर 212 रन बोर्ड पर लगाए थे, इस स्कोर का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स 189 रनों पर ही ढेर हो गई। सीएसके ने 23 रनों से इस तरह आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की।
17.3 ओवर में जब सीएसके का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 175 रन था तब सीएसके ने आयुष म्हात्रे को रिटायर्ड आउट किया।
मुकेश कुमार के 16वें ओवर में एक चौके समेत 8, लुंगी एनगिडी के 17वें ओवर में 5 और टी नटराजन के 18वें ओवर की पहली तीन गेंदों पर 2 ही रन आए थे। डेथ ओवर में चेन्नई की टीम लय खो रही थी, जिस वजह से शिवम दुबे को तेजी से रन बनाने के लिए भेजा गया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने संजू सैमसन का साथ देते हुए 10 गेंदों पर 20 रन बनाए और टीम को 212 के स्कोर तक पहुंचाया।
आयुष म्हात्रे ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा, “कुछ खास नहीं था। मैं बैटिंग कर रहा था और टीम को कुछ बड़े शॉट्स की जरूरत थी। शिवम भी बड़े शॉट्स मार सकता है। मैं सच में अच्छा नहीं कर पा रहा था, इसलिए टीम ने इस तरह से प्लान किया। गेम में ऐसा होता रहता है।”
कैसा रहा CSK vs DC मैच?
संजू सैमसन की नाबाद शतकीय पारी के बाद जैमी ओवरटन की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में शनिवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन से हराकर मौजूदा सत्र में पहली जीत का स्वाद चखा। आईपीएल के मौजूदा सत्र में अपनी निराशाजनक शुरुआत को पीछे छोड़ते हुए सैमसन ने 56 गेंदों की नाबाद पारी में 15 चौकों और चार छक्कों की मदद से 115 रन बनाए। उन्हें दूसरे छोर से आयुष महात्रे का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने रिटायर आउट होने से पहले 36 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाए।
सैमसन के आईपीएल करियर का यह चौथा शतक और सुपरकिंग्स के लिए पहला शतक है। सुपरकिंग्स ने दो विकेट पर 212 रन बनाने के बाद कैपिटल्स को आखिरी गेंद पर 189 रन पर ऑल आउट कर दिया और अपने घरेलू मैदान पर लगातार छह हार के बाद जीत दर्ज की।





साइन इन