क्या ऑस्ट्रेलिया टी-20 क्रिकेट को सीरियस नहीं ले रहा? इस सवाल के जवाब में क्या बोले एडम जैंपा
ऑस्ट्रेलिया के टी-20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार ने एडम जैंपा से पूछा कि क्या सच में ऑस्ट्रेलिया को टी-20 क्रिकेट की परवाह नहीं है, जिसे जैंपा ने सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि ऑस्ट्रेलिया की टीम तीनों फॉर्मेट को बराबर तरजीह देती है ये अलग बात है कि हम अच्छा नहीं…
टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 के मुकाबले शनिवार (21 फरवरी) से शुरू हो रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को ग्रुप स्टेज का 40वां और आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच खेला गया, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से जीत लिया और अपने विश्व कप के सफर का अंत किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए यह टूर्नामेंट कुछ खास नहीं रहा और वे सिर्फ 2 मुकाबले जीतकर चार अंकों के साथ अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहे। ऑस्ट्रेलिया टीम श्रीलंका और जिम्बाब्वे के हाथों हारने के कारण सुपर-8 में जगह नहीं बना पाई और यही कारण है कि टीम को ग्रुप स्टेज के बाद ही स्वदेश रवाना होना पड़ेगा।
इस टूर्नामेंट के आखिरी मैच में ओमान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले प्लेयर ऑफ द मैच एडम जैम्पा से प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया कि क्या ऑस्ट्रेलिया की टीम टी-20 क्रिकेट को सीरियस नहीं ले रही है? ऑस्ट्रेलिया टीम को इस फॉर्मेट की परवाह है भी या नहीं? ऐसे सवाल ऑस्ट्रेलिया के खराब प्रदर्शन के बाद लगातार उठ रहे थे जिसे एक पत्रकार ने जंपा से पूछ लिया, जिसके जवाब देते हुए उन्होंने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया।
जैंपा से पूछा गया कि "क्या ऑस्ट्रेलिया को टी20 क्रिकेट की परवाह नहीं है?" इसके जवाब में उन्होंने कहा- "बिल्कुल गलत। प्रदर्शन से बेहद निराशा हुई। हम शायद टी20 क्रिकेट में उतना ही समय लगाते हैं जितना वनडे और टेस्ट क्रिकेट में। कोच और स्टाफ टी20 क्रिकेट खेलने के तरीके, कौन किस भूमिका में होगा और हमारी तैयारी पर पूरा ध्यान देते हैं। हां, यह निराशाजनक है कि इसका अंत इस तरह हुआ, लेकिन मुझे लगता है कि इसमें भी उतना ही काम और समय लगता है जितना अन्य प्रारूपों में।"
इस तरह ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने साफ कर दिया कि ऑस्ट्रेलिया की टीम तीनों फॉर्मेट में पूरा ध्यान दे रही है और यह सवाल सरासर गलत है कि कंगारू टीम टी-20 क्रिकेट की परवाह नहीं कर रही है। जैंपा ने साफ कर दिया कि कोच, स्टाफ सारे लोग इस फॉर्मेट को भी इतनी तरजीह देते हैं, जितनी वनडे और टेस्ट क्रिकेट को। ऑस्ट्रेलिया टी-20 क्रिकेट को कम तरजीह देता है इस सवाल की शुरुआत भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल में बातचीत के दौरान की थी इसके बाद से यह सवाल ऑस्ट्रेलिया के प्रदर्शन को देखते हुए तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तैरने लगा था। इस सवाल को जंपा ने सिरे से खारिज कर दिया है।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया का सक्सेस रेट वनडे और टेस्ट की तुलना में टी-20 विश्व कप में कम है। कंगारू टीम ने सिर्फ 1 विश्व कप का खिताब इस फॉर्मेट में जीता है। वहीं, वनडे में विश्व कप के 6 खिताब ऑस्ट्रेलिया के पास हैं और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में यह सवाल स्वाभावित तौर पर भी लोगों के दिमाग में आ जाता है कि क्या ऑस्ट्रेलिया टी-20 क्रिकेट को उतनी तरजीह नहीं देता है। हालांकि, अब इसे ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने सिरे से खारिज कर दिया है।





साइन इन