अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच भाजपा विधायक से लूट, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे धरमलाल कौशिक
अमित शाह रविवार से छत्तीसगढ़ में तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान राजधानी में पुलिस हाई अलर्ट पर हैं। इस बीच सुबह मॉर्निंग पर निकले भाजपा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लूट हो गई।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लूटपाट की वारदात हो गई। भाजपा नेता मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इस दौरान बदमाश उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक घटना रायपुर के शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास हुई, जो सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आता है। बताया जा रहा है कि धरमलाल कौशिक रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर मोबाइल लेकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। उस वक्त वह अकेले ही मॉर्निंग वॉक पर थे।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी भी बढ़ा दी है।
कौन हैं धरमलाल कौशिक
धरमलाल कौशिक छत्तीसगढ़ भाजपा के बड़े नेताओं में गिने जाते हैं। वह बिलासपुर जिले की बिल्हा विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह राज्य विधानसभा के अध्यक्ष के साथ-साथ नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा कौशिक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में वह चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए थे।
अमित शाह का तीन दिवसीय दौरा
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे थे। इस यात्रा के दौरान वे कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे और बस्तर क्षेत्र में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
छत्तीसगढ़ को 31 मार्च को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के बाद शाह का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शाह की यात्रा राज्य में विकास कार्यों को गति प्रदान करेगी और एक सुरक्षित और समृद्ध बस्तर के लिए सरकार के संकल्प को और मजबूत करेगी।
रायपुर में बढ़ रही लूट की वारदात
राजधानी रायपुर में पिछले कुछ समय से मोबाइल स्नैचिंग और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बाइक सवार बदमाश सड़कों पर चलते लोगों को निशाना बना रहे हैं और कई मामलों में विरोध करने पर हमला करने से भी पीछे नहीं हट रहे। लगातार हो रही वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाल ही में पंडरी इलाके में भी ऐसी ही घटना सामने आई थी, जहां बदमाशों ने एक युवक पर ब्लेड से हमला कर उसका मोबाइल छीन लिया था। लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन