छत्तीसगढ़ में भी मौसम लेगा करवट; बारिश का अलर्ट, किन जिलों में बरसेंगे मेघ?
Chhattisgarh Weather Forecast: छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने वाला है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी।

छत्तीसगढ़ में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो 26 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ में 28 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो उससे पहले राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है।
तीन दिन बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग की मानें तो इस वेदर सिस्टम के कारण अगले 3 दिनों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। इसके बाद 28 जनवरी को छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जाएगा।
28 जनवरी को इन जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने 28 जनवरी को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, गरेला पेंड्रा मरवाही, कोरबा, सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने या हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान वज्रपात के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस बार मजबूत पश्चिमी विक्षोभ
देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो 26 और 27 जनवरी को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में जबकि 27 और 28 जनवरी को उत्तराखंड में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश या बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। कहीं कहीं हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

देश के इन हिस्सों में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश बर्फबारी की चेतावनी दी है। इसी दिन पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के माथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 27 और 28 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन