CM विष्णुदेव साय ने भी काफिले से गाड़ियां घटाई, पीएम मोदी की अपील का दिखने लगा असर
पीएम मोदी की अपील का असर दिखने लगा है। छत्तीसगढ़ सीएम ने अपने सरकारी काफिले का आकार कम करने और भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की घोषणा की है।

पीएम नरेंद्र मोदी की वर्क फ्रॉम होम और ईंधन की बचत वाली अपील का असर दिखने लगा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को बड़ा फैसला लेते हुए अपने सरकारी काफिले का आकार कम करने और भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की घोषणा की है। उन्होंने अपने मंत्रियों और विभिन्न सरकारी निगमों व बोर्डों के पदाधिकारियों से भी सरकारी संसाधनों और वाहनों का संयमित उपयोग करने की अपील की है।
यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने ईंधन की बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की बात कही थी। पीएम मोदी ने हाल ही में पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, कारपूलिंग बढ़ाने, रेलवे से पार्सल ढुलाई को प्राथमिकता देने और जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम जैसे उपाय अपनाने की सलाह दी थी।
रायपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पश्चिम एशिया का संघर्ष पूरी दुनिया पर असर डाल रहा है और भारत भी इससे प्रभावित है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यह आह्वान बेहद महत्वपूर्ण है।
इलेक्ट्रिक वाहनों पर विशेष ध्यान देंगे
उन्होंने कहा, “हमने भी इस अपील का पालन किया है। हमने अपने सरकारी काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है। आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी सरकारी वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के मंत्रियों और अन्य पदाधिकारियों से भी संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की अपील की गई है।
सीएम साय ने अपने आधिकारिक एक्स पोस्ट में लिखा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे संसाधनों का जिम्मेदार उपयोग हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बदलावों से बड़ा परिवर्तन संभव है।
लोगों से अपील
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, कारपूलिंग को अपनाएं और निजी वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल कम करें। साथ ही उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ ईंधन बचत को जनआंदोलन बनाया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी कहा था कि वे सुरक्षा कारणों को छोड़कर अपने काफिले में पायलट और फॉलो वाहनों का उपयोग कम करेंगे, ताकि प्रधानमंत्री की अपील का पालन किया जा सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन