छत्तीसगढ़ में 28 जनवरी को होगी बारिश, इन जिलों के लोग रहें तैयार; जारी हुआ अलर्ट
छत्तीसगढ़ के मौसम में जल्द ही बदलाव होने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ का मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। आने वाले 2 दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। बीते 24 घंटों की बात करें तो राजनांदगांव 31 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। सूबे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
28 जनवरी को इन जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने 28 जनवरी को छत्तीसगढ़ के रायपुर, राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, गरैला पेंड्रा मरवाही, कोरबा, सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी-भरतपुर, खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की चेतावनी दी है। इस दौरान कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
अगले 24 घंटे का हाल
मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे के दौरान सूबे में मौसम शुष्क रहेगा। कुछ जगहों पर सुबह के वक्त धुंध नजर आ सकती है। राजधानी रायपुर में भी 27 जनवरी को सुबह के वक्त धंध देखी जा सकती है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आने की संभावना है। इसके बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी।

देश के इन हिस्सों में भी मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 28 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर अगले दो-तीन दिन पहाड़ों से लेकर मैदानों तक मौसम के तेवर तीखे रहेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन