छत्तीसगढ़ में 50 की स्पीड से चलेंगी हवाएं; इन जिलों में बारिश का अलर्ट
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से अधिक है, पर जल्द इसमें गिरावट हो सकती है। 16 मार्च से मौसम बदलने का अनुमान है। कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से अधिक देखा जा रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान राजनांदगांव में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज गया है। मौसम विभाग ने 16 मार्च से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
बदलेगा मौसम का मिजाज
छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर बढ़ने लगा है। रविवार को राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने 16 मार्च से कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने या हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
20 मार्च तक का हाल
IMD के अनुसार, छत्तीसगढ़ में सोमवार को गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी या बौछारें पड़ने का अनुमान है। मौसम खराब रहने के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 16 से 20 मार्च के दौरान छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। IMD ने 17 के बाद 20 मार्च तक मौसम खराब रहने और बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
छत्तीसगढ़ के इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने या हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। IMD के अनुसार, मौसम का मिलाजुला रुख 20 मार्च तक देखा जा सकता है।
राजनांदगांव में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ का मौसम अधिकांशतः शुष्क देखा रहा। इस अवधि में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ में कहीं भी बारिश नहीं हुई।

वज्रपात के भी आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है। रायपुर में सोमवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
(यूनीवार्ता के इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन