थाने आकर मिलो; ‘पुलिसवाले’ की धमकी से डरे शख्स ने की खुदकुशी, सच सामने आया तो पुलिस भी रह गई दंग
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां पुलिसकर्मी की धमकी से डरकर 25 साल के एक शख्स सनत कुमार कश्यप ने आत्महत्या कर ली।

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां पुलिसकर्मी की धमकी से डरकर 25 साल के एक शख्स सनत कुमार कश्यप ने आत्महत्या कर ली। हालांकि चौंकाने वाली बात ये है कि जिस पुलिसकर्मी ने धमकी दी असल में वह पुलिसकरर्मी था ही नहीं। शुक्रवार दोपहर सनत को एक शख्स का फोन आया जिसने खुद को पुलिसवाला बताकर बेहद सख्त लहजे में बात की।
फोन करने वाले ने सनत पर एक लड़की के भागने के मामले में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया और सहयोग न करने पर गंभीर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस धमकी से सनत इतना डर गया कि उसने खुदकुशी कर ली।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि फोन करने वाला असल में एक ड्राइवर था जिसकी पहचान 30 साल के सचिन खरे के रूप में हुई है। सचिन की 21 साल की बहन लापता थी और उसे शक था कि वह सनत के किसी दोस्त के साथ भाग गई है। अपनी बहन का सुराग पाने के लिए सचिन ने बलोदा थाने की पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बनकर सनत को फोन किया और उसे धमकाया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को गिरफ्तार कर लिया है।
खुदकुशी से पहले बनाया वीडियो
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सनत ने मरने से पहले न केवल उस फोन कॉल को रिकॉर्ड किया था, बल्कि अपने दोस्तों को एक वीडियो मैसेज भी भेजा था जिसमें उसने पूरी घटना का जिक्र किया था। ऑडियो रिकॉर्डिंग में आरोपी छत्तीसगढ़ी भाषा में सनत को धमकाते हुए कह रहा था, अपनी पूरी जानकारी दो या थाने आकर मुझसे मिलो। फोन बंद करने से पहले दो बार सोच लेना। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी ने मृतक को बुरी तरह डराया था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 204 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन