छत्तीसगढ़ के मौसम पर बड़ा अपडेट, अगले 5 दिन तक चलेगी भीषण लू; कहां सबसे ज्यादा तापमान
छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 5 दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इस दौरान तापमान में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं जताई है।

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर आईएमडी ने बड़ा अपडेट दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिन तक छत्तीसगढ़ में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया है कि इस दौरान तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना कम है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को आगामी 5 दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। आइए जानते हैं पूरे छत्तीसगढ़ के मौसम का हाल।
अगले 5 दिन हीटवेव की आशंका
रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग ने 22 मई से 25 मई के बीच मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) चलने की संभावना जताई है।
कहां कितना तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 42.2 डिग्री, रायपुर के लालपुर केंद्र में 41.9 डिग्री, माना एयरपोर्ट में 41.6 डिग्री, पेंड्रारोड में 41.2 डिग्री तथा अंबिकापुर में 41.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
घर से कम निकलने की सलाह
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं का प्रभाव बना रहा। मौसम विभाग ने बताया कि तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है, लेकिन लगातार पड़ रही गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन