छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में स्टील प्लांट में धमाका, 6 की मौत, कई घायल- VIDEO
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक स्टील प्लांट में विस्फोट होने से बड़ा हादसा हो गया है। हादसे में मजदूर गर्म कोयले की चपेट में आ गए जिससे 6 की मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए हैं।

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक बड़ा हादसा हुआ है। बलौदाबाजार के भाटापारा में एक स्टील फैक्ट्री में भीषण धमाका हो गया। धमाके में छह लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि स्टील प्लांट में कोयला भट्टी अचानक फट गई। इससे मजदूर गर्म कोयले की चपेट में आ गए। आशंका है कि प्लांट में और भी लोग फंसे हो सकते हैं। बचाव कार्य जारी हैं।
भट्टी में ब्लास्ट से हादसा
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना भाटापारा ग्रामीण इलाके के बकुलाही गांव में रियल इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुई। भट्टी में ब्लास्ट हो गया जिससे गर्म कोयला और मलबा प्लेटफॉर्म पर फैल गया जहां मजदूर काम कर रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। घटनास्थल से 10 लोगों को निकाला गया, जिनमें से छह की मौत हो गई।
घटना के बाद अफरातफरी
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो धमाके से प्लांट परिसर में दहशत फैल गई मजदूर घने धुएं और आग की लपटों के बीच भागने लगे। धमाके के दौरान गर्म कोयले के संपर्क में आने से कई अन्य लोग भी झुलस गए। वहीं अधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें प्लांट पहुंचीं। घायलों को शुरू में भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
किस कारण हादसा, हो रही छानबीन
अधिकारी ने बताया कि हादसा किस वजह से हुआ। अधिकारी प्लांट में सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी पड़ताल कर रहे हैं। उन उन परिस्थितियों की भी छानबीन की जा रही है जिनकी वजह से यह हादसा हुआ। घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियों को लगाया गया है। विस्फोट के बाद का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें घटनास्थल पर मौजूद दमकल वाहनों के साथ ही बिखरे मलबा साफ नजर आ रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन