BJP Laxmi Verma and Congress Phulo Devi Netam were elected to the Rajya Sabha. छत्तीसगढ़ में भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम राज्यसभा के लिए निर्वाचित, Chhattisgarh Hindi News - Hindustan
More

छत्तीसगढ़ में भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम राज्यसभा के लिए निर्वाचित

छत्तीसगढ़ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस नेता फूलो देवी नेताम सोमवार को राज्यसभा के लिए बिना किसी विरोध के चुनी गईं। विधानसभा के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Mon, 9 March 2026 07:52 PMRatan Gupta भाषा, रायपुर
share
छत्तीसगढ़ में भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम राज्यसभा के लिए निर्वाचित

छत्तीसगढ़ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस नेता फूलो देवी नेताम सोमवार को राज्यसभा के लिए बिना किसी विरोध के चुनी गईं। विधानसभा के अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया- “नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख आज दोपहर खत्म हो गई और दोनों उम्मीदवार बिना किसी विरोध के चुन लिए गए हैं। बाद में निर्वाचन अधिकारी मनीष शर्मा ने वर्मा और नेताम को चुनाव के प्रमाण पत्र सौंपे।”

लक्ष्मी वर्मा कौन हैं

लक्ष्मी वर्मा (59) राज्य के प्रभावशाली कुर्मी समाज से हैं। उन्होंने भाजपा की तरफ से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के बाद राज्य महिला अयोग से इस्तीफा दे दिया था। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की निवासी वर्मा वर्तमान में रायपुर में निवास करती हैं।

वर्मा ने 1990 में भाजपा की प्राथमिक सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वह 1994 में रायपुर नगर निगम में वार्ड पार्षद चुनी गईं। बाद में उन्होंने 2010 से 2015 तक रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष के तौर पर काम किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लौंडियाबाजी के लिए बनते हैं चेले; बाबा बागेश्वर ने सेवादारों की ही खोल दी पर्ची
ये भी पढ़ें:दक्ष चौधरी ने लगाए पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप, बोले- सस्पेंड नहीं हुए तो…

जिला, मंडल और बूथ स्तर पर किया काम

भाजपा के वरिष्ठ नेता, वर्मा को एक अनुभवी जमीनी नेता बताते हैं जिन्हें ग्रामीण राजनीति की गहरी समझ है। वह भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता रह चुकी हैं। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि महिला मोर्चा से लेकर पार्टी के पदाधिकारी पद तक वर्मा लगातार सक्रिय रही हैं तथा उन्होंने जिला, मंडल और बूथ स्तर पर काम किया है।

सीएम साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए चुने जाने पर बधाई दी और भरोसा जताया कि वह संसद के उच्च सदन में छत्तीसगढ़ से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगी। साय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं महिला आयोग की पूर्व सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा जी को छत्तीसगढ़ से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं।

कौन हैं आदिवासी नेता नेताम

इसके अलावा, बस्तर इलाके के कोंडागांव जिले की आदिवासी नेता नेताम (54) लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए चुनी गई हैं। वह 1998 में अविभाजित मध्यप्रदेश की विधानसभा के लिए पहली बार विधायक चुनी गई थीं। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ बनने के बाद, वह राज्य की पहली विधानसभा की सदस्य बनीं। वर्ष 2016 से, नेताम छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष के तौर पर काम कर रही हैं और पार्टी तथा सार्वजनिक जीवन में कई अहम पदों पर रह चुकी हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दी बधाई

राज्य के पांच राज्यसभा सदस्यों में से दो-कवि तेजपाल सिंह तुलसी और नेताम का छह साल का कार्यकाल नौ अप्रैल को खत्म होने वाला था, जिससे दो खाली सीटों को भरने के लिए चुनाव कराने की जरूरत थी। राज्य के दूसरे राज्यसभा सदस्य कांग्रेस के रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला, और भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह हैं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 सीट हैं जिसमें भाजपा के 54 सदस्य हैं, उसके बाद कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक सदस्य है। सदन में अपनी संख्या के आधार पर भाजपा और कांग्रेस दोनों को एक-एक राज्यसभा सीट मिलने की उम्मीद थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।