ध्यान शिविर के लिए कर्मचारियों को 12 दिन की छुट्टी, वेतन भी नहीं कटेगा; किस राज्य ने उठाया यह क्रांतिकारी कदम
आदेश में बताया गया 10 दिन तक चलने वाले इस शिविर में हिस्सा लेने के लिए कर्मचारियों को अधिकतम 12 (बारह) दिन की छुट्टी दी जाएगी, यह 2 दिन का अतिरिक्त अवकाश, विपश्यना केंद्र में आने-जाने के लिए दिया जाएगा।

सरकारी कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, उनके दिमागी तनाव को कम करने व उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला लिया है, और इसके तहत अधिकारियों व कर्मचारियों को 'विपश्यना ध्यान शिविर' में शामिल होने के लिए आकस्मिक अवकाश देने का फैसला लिया है। प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इस बारे में एक आदेश जारी करते हुए जानकारी दी।
इस आदेश में विभाग ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ाने के साथ ही नैतिक मूल्यों के संवर्धन में भी विपश्यना ध्यान की बड़ी महत्ता है, और उसे ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के साथ ही राज्य सेवा के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को भी विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी। आदेश के अनुसार इस विपश्यना शिविर में शामिल होने के लिए कर्मचारियों व अधिकारियों को उनके सम्पूर्ण सेवाकाल में ज्यादा से ज्यादा छह बार विशेष आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा।
मिलेगा अधिकतम 12 दिन का अवकाश
आदेश में बताया गया 10 दिन तक चलने वाले इस शिविर में हिस्सा लेने के लिए कर्मचारियों को अधिकतम 12 (बारह) दिन की छुट्टी दी जाएगी, यह 2 दिन का अतिरिक्त अवकाश विपश्यना केंद्र में आने-जाने के लिए दिया जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रदेशमें राज्य द्वारा मान्यता प्राप्त विपश्यना केंद्र केवल दो या तीन ही हैं, ऐसे में वहां आने जाने में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए यह अवकाश दिया जाएगा। हालांकि शिविर में आने जाने के लिए कर्मचारी को किसी तरह का यात्रा भत्ता या अन्य व्यय शासन की तरफ से नहीं दिया जाएगा।
छुट्टियों के बदले पूरा करनी होंगी कुछ शर्तें
हालांकि इस तरह के अवकाश को देने के लिए राज्य शासन ने कुछ शर्तें भी निर्धारित की हैं। जिसके तहत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी को आवेदन के साथ विपश्यना केंद्र द्वारा जारी पंजीकरण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही शिविर में हिस्सा लेने के बाद वहां से लौटने पर संबंधित केंद्र द्वारा जारी भागीदारी प्रमाण-पत्र भी कार्यालय में प्रस्तुत करना जरूरी होगा। ऐसा नहीं करने पर उक्त कर्मचारी द्वारा लिए गए इस अवकाश की अवधि को उसके अन्य अर्जित अवकाशों में एडजस्ट कर लिया जाएगा।

छुट्टियों के बाद भी ऑन ड्यूटी माना जाएगा
सबसे खास बात यह है कि इस विपश्यना ध्यान शिविर में हिस्सा लेने के लिए कर्मचारी द्वारा लिए गए विशेष अवकाश की अवधि को ऑन ड्यूटी माना जाएगा और इन छुट्टियों का पूर्ण वेतन भी उसे मिलेगा। यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय ने जारी किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन