वैभव सूर्यवंशी का CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, किस स्कूल से भरा फॉर्म, कहां है एग्जाम सेंटर
क्रिकेट के मैदान पर चौके और छक्कों की बरसात करने वाले वैभव सूर्यवंशी का सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी हो गया है। 17 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा में उनके शामिल होने की संभावना ने समस्तीपुर के लोगों में उत्सुकता बढ़ा दी है।

अंडर 19 विश्व कप में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया को चौंकाने वाले बिहार के वैभव सूर्यवंशी एक और अहम इम्तिहान के मुहाने पर खड़े हैं। महज 14 वर्ष की उम्र में बड़े-बड़े गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाला समस्तीपुर का युवा सितारा अब सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा तैयारी में जुट गया है। एक तरफ आईपीएल तो दूसरी ओर परीक्षा की तैयारी। ‘वंडर ब्वॉय’ वैभव के लिए यह वक्त किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत के बाद घर लौटे वैभव परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं।
वैभव समस्तीपुर में ताजपुर प्रखंड के मॉडेस्टी स्कूल के छात्र हैं। 26 मार्च से आईपीएल शुरू हो रहा है। वहीं, 17 फरवरी से शुरू होने वाली 10वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए उनका एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। विद्यालय प्रशासन ने पुष्टि की है कि वैभव की परीक्षा को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उनका परीक्षा केंद्र शहर के पोदार इंटरनेशनल स्कूल में है। क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल और अंतरराष्ट्रीय दौरों के बीच शिक्षा के साथ तालमेल बिठाना वैभव के लिए बड़ी चुनौती रही है।
परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी हो चुका है, लेकिन वैभव के परिवार के सदस्य इस पर फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। उनके आगामी क्रिकेट दौरों और व्यस्तता के कारण यह स्पष्ट नहीं है कि वे सभी विषयों की परीक्षा में शामिल हो पाएंगे या नहीं।
वैभव ने हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली थी धुआंधार पारी
वैभव सूर्यवंशी हाल ही में संपन्न हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में एक्शन में नजर आए थे, जिसे टीम इंडिया ने रिकॉर्ड 6ठी बार जीता था। फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों पर 175 रनों की धुआंधार पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 15 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ कुल 150 रन सिर्फ बाउंड्री से ही बनाए थे। वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ बड़ा शतक जड़ने से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में भी ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेली थी। 400 से अधिक रन बनाकर वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उनको इसका इनाम प्लेयर ऑफ द सीरीज के रूप में मिला था।
इस बार दो बार होगी सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा
सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च 2026 तक चलेगी। इस साल से कक्षा 10 के लिए दो बोर्ड परीक्षाओं का विकल्प भी शुरू किया गया है, जिसका दूसरा चरण मई-जून में होगा। पहली परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। छात्र दोनों परीक्षाओं में बैठ सकते हैं और जिसमें बेहतर अंक मिलेंगे, वही मार्कशीट में जोड़े जाएंगे। दूसरी परीक्षा यानी ऑप्शनल एग्जाम में छात्रों को साइंस, मैथमेटिक्स, सोशल साइंस और लैंग्वेजेस में से किन्हीं 3 सब्जेक्ट में अपनी परफॉर्मेंस सुधारने की इजाजत दी जाएगी।
सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 का आयोजन 17 फरवरी 2026 से होगा। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होगी।




साइन इन