upsssc forest guard wildlife guard recruitment 2026 708 posts apply online last date 20 july pet 2025 required UPSSSC Forest Guard Bharti 2026: 708 पदों पर नौकरियां, 12वीं पास युवा कस लें कमर; आवेदन कब से, Career Hindi News - Hindustan
More

UPSSSC Forest Guard Bharti 2026: 708 पदों पर नौकरियां, 12वीं पास युवा कस लें कमर; आवेदन कब से

UPSSSC Forest Guard Recruitment 2026 के तहत 708 पदों पर भर्ती निकली है। 12वीं पास और PET 2025 स्कोर कार्ड रखने वाले उम्मीदवार 30 जून से 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Sat, 2 May 2026 03:46 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
UPSSSC Forest Guard Bharti 2026: 708 पदों पर नौकरियां, 12वीं पास युवा कस लें कमर; आवेदन कब से

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UPSSSC ने फॉरेस्ट गार्ड और वाइल्डलाइफ गार्ड भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए कुल 708 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि सिर्फ 12वीं पास उम्मीदवार भी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने साफ किया है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और उम्मीदवार 30 जून 2026 से 20 जुलाई 2026 तक आवेदन कर पाएंगे। जिन अभ्यर्थियों ने PET-2025 परीक्षा दी है और उनके पास स्कोर कार्ड मौजूद है, वही इस भर्ती के लिए पात्र माने जाएंगे।

कितने पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती में फॉरेस्ट गार्ड और वाइल्डलाइफ गार्ड दोनों पद शामिल किए गए हैं। अलग-अलग श्रेणियों में पदों का बंटवारा किया गया है। फॉरेस्ट गार्ड (जनरल चयन) के लिए 318 पद रखे गए हैं, जबकि वाइल्डलाइफ गार्ड (जनरल चयन) के लिए 10 पद हैं। इसके अलावा स्पेशल चयन के तहत फॉरेस्ट गार्ड के 329 और वाइल्डलाइफ गार्ड के 51 पद भरे जाएंगे। कुल मिलाकर 708 पदों पर भर्ती होगी।

कौन कर सकता है आवेदन

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का भारत का नागरिक होना जरूरी है। साथ ही PET-2025 में शामिल होना और वैध स्कोर कार्ड होना अनिवार्य रखा गया है। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना चाहिए। इसके अलावा जिन उम्मीदवारों के पास NCC का “B” सर्टिफिकेट, कंप्यूटर एप्लीकेशन सर्टिफिकेट, टेरिटोरियल आर्मी में सेवा या राज्य स्तर के खेल प्रमाणपत्र हैं, उन्हें प्राथमिकता मिल सकती है।

उम्र सीमा में किसे मिलेगी छूट

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 40 साल तय की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। ओबीसी उम्मीदवारों को 3 साल की छूट मिलेगी, जबकि एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम 5 साल की छूट दी जाएगी। यूपी सरकार के कर्मचारियों और कुछ अन्य श्रेणियों को भी नियमों के अनुसार आयु में राहत मिलेगी।

आवेदन फीस कितनी देनी होगी

इस भर्ती में किसी भी वर्ग के उम्मीदवार से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रोसेसिंग फीस के तौर पर 25 रुपये जमा करने होंगे। फीस का भुगतान UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या SBI e-Challan के जरिए किया जा सकेगा।

चयन प्रक्रिया कैसे होगी

भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले PET-2025 स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को मेन परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद लिखित परीक्षा होगी जिसमें कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी रहेगी और हर गलत जवाब पर एक चौथाई अंक काटे जाएंगे। लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट, फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट और मेडिकल परीक्षा से गुजरना होगा। पुरुष उम्मीदवारों को 10 किलो वजन के साथ 25 किलोमीटर दौड़ या पैदल चलना होगा, जबकि महिला उम्मीदवारों को 14 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिनभर कैब चलाई, बेटियों को पढ़ाया; अब एक IAS और दूसरी बनी CBI अफसर
ये भी पढ़ें:लड़की जो देख सुन नहीं सकती, बोलने में भी दिक्कत, स्कूल टॉपर बनी
ये भी पढ़ें:यूपी में इस वर्ष 1.50 लाख से ज्यादा भर्तियां, पुलिस व शिक्षकों की कितनी वैकेंसी

परीक्षा में किन विषयों से आएंगे सवाल

लिखित परीक्षा में फॉरेस्ट और पर्यावरण से जुड़े सवाल सबसे ज्यादा पूछे जाएंगे। इसके अलावा सामान्य गणित, बायोलॉजी, कंप्यूटर और उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान से भी प्रश्न आएंगे। पूरा पेपर 100 अंकों का होगा और उम्मीदवारों को इसे 2 घंटे में हल करना होगा।

आवेदन कैसे करें

उम्मीदवार UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। लॉगिन करने के लिए PET-2025 रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल करना होगा। लॉगिन के बाद उम्मीदवारों की बेसिक जानकारी अपने आप स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसके बाद शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी, पोस्ट प्रेफरेंस चुननी होगी और जरूरी घोषणा स्वीकार करके आवेदन फॉर्म सबमिट करना होगा। फीस जमा होने के बाद उम्मीदवार आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकाल सकते हैं।

उम्मीदवारों के लिए जरूरी निर्देश

आयोग ने साफ कहा है कि आवेदन फॉर्म में गलत जानकारी मिलने पर उम्मीदवारी किसी भी चरण में रद्द की जा सकती है। एक उम्मीदवार सिर्फ एक ही आवेदन कर सकेगा। आरक्षण का लाभ सिर्फ उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को मिलेगा। EWS उम्मीदवारों को तय तारीख के बीच जारी प्रमाणपत्र दिखाना होगा। सरकारी नौकरी में कार्यरत उम्मीदवारों को NOC भी प्रस्तुत करनी होगी। आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी, नकल या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने पर उम्मीदवार को भविष्य की सभी परीक्षाओं से डिबार किया जा सकता है।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।