UPSC Prelims : 8 बार यूपीएससी प्रीलिम्स क्रैक करने वाले शख्स ने बताया CSAT और GS पेपर का तोड़
UPSC CSE Prelims : यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स का CSAT का पेपर ज्यादातर अभ्यर्थियों के लिए कई कई अटेम्प्ट के बाद भी सिरदर्द बना रहता है। यहां जानें एक ऐसे शख्स की ओर से दिए गए टिप्स जिसने 8 बार यूपीएससी प्रीलिम्स एग्जाम क्रैक किया है।

UPSC CSE Prelims : हर साल करीब 9 से 10 लाख अभ्यर्थी यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में बैठते हैं लेकिन इनमें से 15 हजार के आसपास ही यूपीएससी मुख्य परीक्षा के लिए क्वालिफाई कर पाते हैं। बहुत से अभ्यर्थी तो कई अटेम्प्ट के बाद भी प्रीलिम्स पास नहीं कर पाते। कई अभ्यर्थी ऐसे होते हैं जो पिछले प्रयासों में इंटरव्यू व मेन्स तक पहुंचने के बावजूद प्रीलिम्स में गच्चा खा जाते हैं। प्रीलिम्स में सीसैट ( CSAT ) के पेपर से निपटना ज्यादातर अभ्यर्थियों के लिए चुनौती रहता है खासतौर पर आर्ट्स बैकग्राउंड वालों के लिए। कुछेक साल पहले तो यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के सीसैट पेपर की कठिनता के स्तर को लेकर तो कई असफल अभ्यर्थी कोर्ट तक चले गए थे। जाहिर है यूपीएससी सिविल सर्विसेज प्रीलिम्स एग्जाम को पास करना आसान नहीं। यहां हम आपको एक ऐसे अभ्यर्थी की ओर से दिए गए टिप्स बता रहे हैं जिसने 8 बार यूपीएससी सिविल सर्विसेज प्रीलिम्स एग्जाम क्रैक किया है। यहां बात हो रही महाराष्ट्र के कुणाल आर. विरुलकर की जो 8 बार मेन्स में बैठ चुके हैं। 5 बार इंटरव्यू राउंड तक पहुंचे हैं।
अगर आप कुणाल आर. विरुलकर ने बताए नुस्खों को अपनाते हैं तो आपकी राह आसान हो जाएगी। । उन्होंने सीसैट क्लियर करने की अपनी स्ट्रैटेजी बताते हुए कहा, 'मेरा सीसैट की तैयारी का सबसे बढ़िया स्त्रोत पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र होते हैं।'
सीसैट को तीन भागों में बांटें
उन्होंने कहा, 'सीसैट को तीन भागों में बांट लेना चाहिए। 27 प्रश्न कॉम्प्रिहेंशन से, 27 प्रश्न रीजनिंग से और 26 प्रश्न क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड से। पहले इंग्लिश कॉम्प्रीहेंशन से 27 प्रश्न अटेम्प्ट करें। पैसेज पढ़ने से पहले प्रश्न और 4 ऑप्शन पढ़ लें। इससे आपको उत्तर का हिंट मिल जाएगा और उसके बाद पैसेज को पढ़ें।'
सीसैट पेपर क्वालिफाई करने का फंडा
यूपीएससी की तैयारी का एक दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले विरुलकर ने कहा, 'सभी पैसेजों में यह तरीका इस्तेमाल करें। इस भाग को 40 से 45 मिनट के अंदर खत्म करें। एक बार जब इंग्लिश कॉम्प्रीहेंशन समाप्त हो जाए तो क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड या रीजनिंग किसी के साथ भी आगे बढ़ें। मैं रीजनिंग चुनता हूं और 30 से 40 मिनट के भीतर सभी प्रश्नों को सोल्व करने का प्रयास करता हूं। एक बार जब रीजनिंग भाग समाप्त हो जाए तो क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड पर ध्यान केंद्रित करें। आसान प्रश्नों को हल करने का प्रयास करें। 2 घंटे में आप 60 प्लस तक प्रश्न हल कर सकते हैं जो सीसैट पेपर क्वालिफाई करने के लिए पर्याप्त है।
जीएस के लिए टिप्स
- लगभग 3 रीडिंग में पेपर पढ़ ले
- सबसे पहले जिन सवालों के जवाब आते है या आप कॉन्फिडेंट हैं, उनके ऑप्शन को भर दें
- दूसरी रीडिंग में जहां पर डाउट हो, जैसे 50 प्रतिशत संभावना हो, वो देखें (यहां जोखिम लेनी चाहिए)।
- तीसरे रीडिंग में जहां पर 25 प्रतिशत यकीन हो, वैसे सवाल देखें। (अगर अटेम्प्ट 70 सवालों तक हो तो जोखिम लेना चाहिए। लेकिन अगर अटेम्प्ट 80 तक हो तो जोखिम न लेना भी चलेगा )
- 75 प्लस से 85 तक प्रश्न अटेम्प्ट करने की कोशिश करें। बहुत कम प्रश्न अटेम्प्ट करने पर प्रीलिम्स पास करने के चांस थोड़े कम हो जात हैं।
- हर एक सवाल को कम से कम 2 बार पढ़े ओर अच्छे से समझें। उसके बाद ही सही ऑप्शन का चयन करे।
- जहां पर 50 - 50 जैसी स्थिति है ऐसे सवाल अटेम्प्ट करें।
- जिन सवालों में बिल्कुल जानकारी नहीं है उसे अटेम्प्ट न करें चाहे जितना भी मन कर रहा हो।
- कॉन्सेप्चुअल अंडरस्टैंडिंग वाले टॉपिक्स जैसे ज्योग्राफी, पॉलिटी, एनवायरनमेंट, इकोनॉमी के सवाल अटेम्प्ट करने की कोशिश करे, लेकिन इतिहास जैसे टॉपिक्स में जहां चीज याद रखनी होती है, वहां थोड़ा सावधानी से सवालों को अटेम्प्ट करें ।
- खुद पर भरोसा रखें।
तीन चरणों होती है परीक्षा
यूपीएससी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) , भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस), भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) समेत की तरह की सिविल सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन करने के लिए प्रतिवर्ष तीन चरणों में प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार सिविल सेवा परीक्षा आयोजित कराती है।
यूपीएससी सीएसई देने की अधिकतम आयु सीमा
जनरल - 32 वर्ष।
ओबीसी - 35
एससी, एसटी - 37 वर्ष।
अटेम्प्ट लिमिट
जनरल व ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवार अधिकतम 6 बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा दे सकते हैं। ओबीसी कैटेगरी के उम्मीदवार को 9 अटेंप्ट मिलते हैं। जबकि एससी व एसटी कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए प्रयासों की कोई सीमा नहीं रखी गई है। जब तक उम्मीदवार आयोग के नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र सीमा तक नहीं पहुंच जाता है, तब तक वह चाहे जितनी बार परीक्षा दे सकता है।




साइन इन