UPSC Prelims 2026: देने जाने वाले हैं प्री का एग्जाम… इन बातों का रखें ध्यान; नहीं तो होगी परेशानी
UPSC Prelims 2026 परीक्षा 24 मई को होगी। आयोग ने भुवनेश्वर, कानपुर और मेरठ को नए परीक्षा केंद्र के रूप में जोड़ा है। यदि आप भी परीक्षा देने जाने वाले हैं तो इन बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

देश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिनी जाने वाली यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा करीब है। हर साल लाखों उम्मीदवारों को अपने शहर से दूर जाकर परीक्षा देनी पड़ती थी, लेकिन इस बार आयोग ने उम्मीदवारों की परेशानी को कम करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। यूपीएससी ने 2026 की प्रारंभिक परीक्षा के लिए तीन नए परीक्षा केंद्र जोड़ दिए हैं। अब भुवनेश्वर, कानपुर और मेरठ भी परीक्षा केंद्रों की सूची में शामिल हो गए हैं। इससे उन छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है जिन्हें पहले दूसरे शहरों में जाकर परीक्षा देनी पड़ती थी। 24 मई, रविवार को होने वाली इस परीक्षा के लिए देशभर से 8.19 लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं। इतने बड़े स्तर पर परीक्षा आयोजित करना हमेशा चुनौती भरा माना जाता है। यदि आप परीक्षा देने जाने वाले हैं तो आइए जानते हैं कि किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
80 से बढ़कर 83 हुए परीक्षा केंद्र
पहले देशभर में यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा के लिए 80 केंद्र बनाए गए थे, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाकर 83 कर दी गई है। आयोग के मुताबिक लगभग 23 हजार उम्मीदवारों ने नए जोड़े गए केंद्रों को चुना है। यूपीएससी का कहना है कि यह फैसला उम्मीदवारों के सफर का बोझ कम करने और नजदीकी केंद्रों पर दबाव घटाने के लिए लिया गया है। खास तौर पर छोटे शहरों और आसपास के इलाकों के छात्रों को इससे सीधा फायदा मिलेगा।
उम्मीदवारों के लिए परीक्षा को आसान बनाने की कोशिश
यूपीएससी चेयरमैन अजय कुमार ने कहा कि आयोग परीक्षा प्रक्रिया को ज्यादा उम्मीदवार-हितैषी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांग उम्मीदवारों यानी दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को उनकी पसंद के परीक्षा केंद्र देने की कोशिश की जा रही है, ताकि उन्हें अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करना जरूरी
आयोग पहले ही योग्य उम्मीदवारों के लिए इ-एडमिट कार्ड जारी कर चुका है। यूपीएससी ने साफ कर दिया है कि इस बार किसी भी उम्मीदवार को कागजी एडमिट कार्ड डाक से नहीं भेजा जाएगा। उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करके उसका प्रिंट निकालना होगा। परीक्षा केंद्र में बिना प्रिंटेड एडमिट कार्ड के प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा केंद्र पर क्या-क्या ले जाना जरूरी
यूपीएससी ने परीक्षा दिवस के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ वही फोटो पहचान पत्र ले जाना होगा जिसका नंबर एडमिट कार्ड पर दर्ज है। अगर कोई उम्मीदवार जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा पाता है तो उसे परीक्षा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिन उम्मीदवारों की फोटो एडमिट कार्ड पर साफ नहीं दिख रही है, उन्हें अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र भी साथ रखना होगा।
समय से पहले पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र
आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम डेढ़ घंटा पहले केंद्र पर पहुंच जाएं। इस दौरान फेस ऑथेंटिकेशन, पहचान जांच और फ्रिस्किंग जैसी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
यूपीएससी ने साफ कहा है कि सुबह की परीक्षा के लिए 9 बजे और दोपहर की परीक्षा के लिए 2 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा। गेट बंद होने के बाद देर से पहुंचने वालों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह बैन
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बैग, किताबें और अन्य कीमती सामान ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यूपीएससी ने यह भी कहा है कि परीक्षा केंद्र पर ऐसे सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं होगी। उम्मीदवारों को अपने स्तर पर ही बाहर इंतजाम करना होगा।
सिर्फ एडमिट कार्ड, काला बॉल पेन, पेंसिल, पहचान पत्र और जरूरी फोटो जैसी चीजें ही अंदर ले जाने की अनुमति होगी।
नियम तोड़ने पर हो सकती है बड़ी कार्रवाई
आयोग ने चेतावनी दी है कि अगर किसी उम्मीदवार के पास मोबाइल या कोई अनधिकृत सामग्री पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। इसमें उम्मीदवारी रद्द करना, पुलिस शिकायत दर्ज कराना और भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंधित करना भी शामिल हो सकता है।
OMR शीट के लिए सिर्फ काला पेन मान्य
यूपीएससी ने उम्मीदवारों को याद दिलाया है कि OMR उत्तर पत्रक और उपस्थिति सूची भरने के लिए केवल काले रंग का बॉलपॉइंट पेन ही इस्तेमाल करना होगा। साधारण घड़ी पहनने की अनुमति रहेगी, लेकिन स्मार्टवॉच या कम्युनिकेशन फीचर वाली घड़ियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
नाम बदल चुके उम्मीदवारों के लिए खास निर्देश
जिन उम्मीदवारों ने मैट्रिक के बाद अपना नाम बदला है, उन्हें परीक्षा केंद्र पर संबंधित दस्तावेज भी साथ रखने होंगे। इसमें सरकारी पहचान पत्र और नाम परिवर्तन से जुड़ा मूल गजट नोटिफिकेशन शामिल है। आयोग ने कहा है कि ऐसे दस्तावेज दोनों परीक्षा सत्रों में दिखाने होंगे।




साइन इन