UPSC IAS : कौन है यूपीएससी CSE इंटरव्यू की टॉपर, AIR 1 अनुज अग्निहोत्री समेत 61 टॉप रैंकर्स को पछाड़ा
UPSC CSE 2025 interview topper : बोकारो की बेटी तेजस्विनी सिंह यूपीएससी सीएसई इंटरव्यू राउंड की टॉपर बनी हैं। उनकी रैंक भले ही 62वीं हो लेकिन इंटरव्यू में उन्होंने सर्वाधिक 225 अंक हासिल किए गए हैं। टॉपर अनुज अग्निहोत्री के इंटरव्यू में 204 अंक हैं।

UPSC CSE 2025 interview topper : झारखंड की बेटी तेजस्विनी सिंह ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के इंटरव्यू राउंड में सबसे अधिक अंक हासिल किए हैं। बोकारो की तेजस्विनी ने यूपीएससी सीएसई 2025 में 62वीं रैंक हासिल की है। उन्हें इंटरव्यू राउंड में चयनित 958 उम्मीदवारों में सर्वाधिक 225 अंक (275 में से) मिले हैं (upsc cse 2025 interview highest marks) । उनके जितने अंक किसी भी उम्मीदवार को नहीं मिले। यूपीएससी सीएसई 2025 टॉपर अनुज अग्निहोत्री के इंटरव्यू में 204 अंक आए हैं। तेजस्विनी के मेन्स में 782 अंक आए हैं। कुल 1007 अंक रहे। इंटरव्यू में टॉप करने वाली तेजस्विनी के अगर मेन्स में और अधिक अंक होते तो उनकी रैंक और बेहतर हो सकती थी।
इंटरव्यू में कम मार्क्स किसके
इंटरव्यू में सबसे कम मार्क्स 602वीं रैंक पाने वाले दीपक बघेल को मिले। दीपक बघेल को इंटरव्यू में सिर्फ 132 अंक मिले। उनके मेन्स मे 814 अंक है। यानी कुल 946 अंक रहे।
पहले 3 टॉपरों के इंटरव्यू में कितने मार्क्स
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 के टॉपर अनुज अग्निहोत्री ने 2025 में से 1071 मार्क्स ( 52.88 प्रतिशत ) हासिल ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है। अनुज के मेन्स में 1750 में से 867 और इंटरव्यू में 275 में से 204 मार्क्स आए हैं। यूपीएससी सीएसई सेकेंड टॉपर राजेश्वरी सुवे एम के 1067 यानी 52.69 प्रतिशत (मेन्स में 865 और इंटरव्यू में 202) और थर्ड टॉपर अकांक्ष ढुल के 1057 यानी 52.19 प्रतिशत (मेन्स में 864 और इंटरव्यू में 193) अंक हैं।
कौन हैं तेजस्विनी
बोकारो की होनहार बेटी तेजस्विनी सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 62 हासिल कर जिले और झारखंड का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि तेजस्विनी ने यह शानदार सफलता पहले ही प्रयास में हासिल की है। ऑल इंडिया रैंक 62 पाने वाली तेजस्विनी सिंह बचपन से ही पढ़ाई-लिखाई में तेजस्वी और बहुआयामी थीं। बोकारो इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक प्रभारी (एमआरडी) राजेश कुमार एवं बीएस सिटी कॉलेज में वनस्पति विज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ. पल्लवी प्रवीण की सुपुत्री तेजस्विनी ने डीपीएस बोकारो में नर्सरी से 12वीं तक की अपनी शैक्षिक यात्रा पूरी की।
इस यात्रा में उन्होंने सफलता के कई सोपान भी हासिल किए। विद्यालय के शिक्षकों एवं उनके परिजनों ने बताया कि तेजस्विनी बचपन से ही विभिन्न सह-शैक्षिक गतिविधियों नृत्य, वाद-विवाद आदि गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया करती थीं। तेजस्विनी ने 2018 में डीपीएस बोकारो से 12वीं करने के बाद बीआईटी मेसरा से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इस बीच मैनेजमेंट की भी तैयारी करती रहीं और आईआईएम कैट में 99.84 परसेंटाइल के साथ दोहरी कामयाबी पाई। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह बेंगलुरु की एक कंपनी में दो वर्षों तक कार्यरत रहीं। पिछले एक वर्ष से वह बोकारो स्थित अपने घर पर रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं ।
तेजस्विनी के मामा ने बताया कि उनके पिता राजेश कुमार बोकारो स्टील प्लांट (सेल) में जनरल मैनेजर हैं, जबकि उनकी माता डॉ. पल्लवी परवीन बोकारो कॉलेज, बोकारो में प्रोफेसर हैं। तेजस्विनी बिहार के भागलपुर जिले में कहलगांव के नंदलालपुर निवासी स्वर्गीय ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह और प्रोफेसर मीरा सिंह की नतिनी हैं। उनके मामा डॉ. कुमार सुनीत और मामी कृषि वैज्ञानिक डॉ. ममता कुमारी ने बताया कि तेजस्विनी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार और क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
6 मार्च को आया था यूपीएसससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 परिणाम
सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई), 2025 का अंतिम परिणाम 6 मार्च, 2026 को घोषित कर दिया गया था। सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2025 का आयोजन 25 मई, 2025 को किया गया था। इस परीक्षा के लिए कुल 9,37,876 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,76,793 उम्मीदवार परीक्षा में उपस्थित हुए थे। अगस्त 2025 में आयोजित लिखित (मुख्य) परीक्षा में बैठने के लिए कुल 14,161 उम्मीदवार अर्हता प्राप्त हुए। कुल 2,736 उम्मीदवार परीक्षा के व्यक्तित्व परीक्षण के लिए अर्हता प्राप्त कर सके। आयोग द्वारा विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए कुल 958 उम्मीदवारों (659 पुरुष और 299 महिलाएं) की सिफारिश की गई है। अंतिम रूप से उत्तीर्ण उम्मीदवारों में से शीर्ष पांच में एक महिला और चार पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं। चयनित 958 में से 317 जनरल, 104 ईडब्ल्यूएस, 306 ओबीसी, 158 एससी, 73 एसटी वर्ग से हैं।




साइन इन